नई दिल्ली 4 अक्टूबर 2025 : पंजाब के साथ गुजरात में उपचुनाव में जीत के बाद आम आदमी पार्टी काफी उत्साहित नजर आ रही है। दिल्ली विधानसभा चुनाव में हार के बाद पार्टी के लिए यह खुश होने का मौका है। इस बीच पंजाब में उपचुनाव में पार्टी के उम्मीदवार और राज्यसभा सांसद संजीव अरोड़ा की जीत के बाद राजनीतिक हलकों में यह कयास तेज हो गया कि क्या अरविंद केजरीवाल अब राज्यसभा जाएंगे। दरअसल, विधायक बनने के बाद संजीव अरोड़ा को राज्यसभा की सदस्यता से इस्तीफा देना होगा। इस बीच आप के राष्ट्रीय संयोजक और पार्टी प्रमुख केजरीवाल ने इन कयासों पर पूरी तरह से विराम लगा दिया है।
दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने सोमवार को कहा कि वह राज्यसभा नहीं जाएंगे। उन्होंने यह बात पंजाब में लुधियाना पश्चिम विधानसभा सीट पर हुए उपचुनाव में पार्टी से राज्यसभा के मौजूदा सदस्य संजीव अरोड़ा के जीतने के बाद कही। केजरीवाल से एक प्रेस वार्ता में पूछा गया कि पार्टी अरोड़ा की जगह किसे उम्मीदवार बनाएगी।
इस सवाल के जवाब में केजरीवाल ने कहा, मैं आपको बताना चाहता हूं कि मैं राज्यसभा नहीं जा रहा हूं। पार्टी की राजनीतिक मामलों की समिति तय करेगी कि किसे उम्मीदवार बनाया जाए।’
