जांजगीर-चांपा में हसदेव नदी में दर्दनाक हादसा, पिकनिक मनाने गए 5 लोग डूबे – 2 बचाए गए, 3 लापता

जांजगीर-चांपा, 4 अक्टूबर 2025: छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले के पंतोरा चौकी क्षेत्र स्थित देवरी गांव में शनिवार शाम एक दर्दनाक हादसा हो गया। हसदेव नदी में पिकनिक मनाने पहुंचे 5 युवक-युवतियों में से 3 लोग नदी में डूब गए और अब तक लापता हैं, जबकि दो को बचा लिया गया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह हादसा शनिवार शाम करीब 5 बजे हुआ। सभी युवक-युवतियां पिकनिक मनाने देवरी गांव स्थित हसदेव नदी के किनारे पहुंचे थे। इस दौरान नहाते समय 5 लोग नदी के गहरे पानी में चले गए। मौके पर मौजूद अन्य लोगों ने शोर मचाया, जिसके बाद दो लोगों — अकलतरा निवासी लक्ष्मी शंकर और बिलासपुर निवासी मोनिका सिन्हा को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।

हालांकि, तीन अन्य युवक-युवतियां अब तक लापता हैं। लापता लोगों की पहचान बिलासपुर निवासी अंकुर कुशवाहा, स्वर्ण रेखा, और जांजगीर-चांपा निवासी आशीष भोई के रूप में हुई है।

घटना की सूचना मिलते ही जिला प्रशासन, बलौदा तहसीलदार और नगर सेना की गोताखोर टीम मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू किया गया। लेकिन अंधेरा होने के कारण बचाव अभियान में काफी दिक्कतें आ रही हैं। प्रशासन ने बताया कि तलाश कार्य पूरी रात जारी रहेगा और रविवार सुबह फिर से सर्च ऑपरेशन तेज किया जाएगा।