गुरुग्राम में मल्टीनेशनल कंपनी में काम करने वाले एक आईटीकर्मी को ऑनलाइन दोस्ती करना बेहद महंगा पड़ गया। डेंटिंग ऐप के जरिए एक युवती से हुई मुलाकात ने उसकी जीवनभर की जमा पूंजी छीन ली। युवती ने पहले प्यार का इजहार किया, फिर शेयर बाजार में मोटी कमाई का झांसा देकर 73 लाख 42 हजार 500 रुपये हड़प लिए।
जलवायु विहार सेक्टर-56 निवासी 50 वर्षीय पीड़ित ने साइबर थाना पूर्व में शिकायत दी है। पुलिस ने बीएनएस की धारा 318(4) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
ऐसे फंसा आईटीकर्मी
पीड़ित ने बताया कि अगस्त में उसने बंबल ऐप पर अकाउंट बनाया था, जहां एक युवती से बातचीत शुरू हुई। धीरे-धीरे व्हाट्सऐप पर वीडियो कॉलिंग शुरू हुई और नजदीकियां बढ़ीं। जब युवक ने बताया कि वह गोवा में मकान खरीदने का सपना देख रहा है, तो युवती ने शेयर बाजार में निवेश कर करोड़ों रुपये कमाने का झांसा दिया।
युवती ने एक फर्जी वेबसाइट पर खाता खोलवाया और टेलीग्राम ग्रुप में जोड़ लिया। शुरू में छोटे निवेश पर मुनाफा दिखाया गया, जिससे भरोसा और बढ़ गया।
एक महीने में लुटे 73 लाख रुपये
पीड़ित ने 29 अगस्त से सितंबर तक कई किश्तों में ठगों के बताए खातों में 73 लाख 42 हजार 500 रुपये ट्रांसफर किए। वेबसाइट पर खाते में दो करोड़ चार लाख रुपये का बैलेंस दिखाया गया। लेकिन जब 29 सितंबर को पैसे निकालने की कोशिश की, तो ठगों ने 25 प्रतिशत टैक्स जमा करने को कहा। इनकार करने पर उसे वेबसाइट और टेलीग्राम ग्रुप से ब्लॉक कर दिया गया।
प्यार और धोखे का दोहरा खेल
फेसबुक पर संपर्क करने पर युवती ने कहा कि वह उससे प्यार करती है और अगर आखिरी बार पैसा भेज दे तो रकम वापस कर देगी। लेकिन फिर से वही झांसा देकर वह गायब हो गई।
पूरी पूंजी गई, नौकरी भी छोड़ी
पीड़ित ने बताया कि ठगी में उसकी पूरी जिंदगी की कमाई चली गई। अब उसने अपनी नौकरी छोड़ दी है और बेंगलुरू जाकर नई शुरुआत करने की सोच रहा है।
पुलिस ने शुरू की जांच
साइबर थाना पूर्व की टीम ने मामला दर्ज कर ऑनलाइन खातों और ट्रांजेक्शन की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि जालसाजों को जल्द ट्रैक कर कार्रवाई की जाएगी।
