बिहार चुनाव में कांग्रेस ने भूपेश बघेल, अशोक गहलोत और अधीर रंजन को सौंपी कमान

AICC ने जारी की सीनियर ऑब्जर्वर की लिस्ट, तीनों दिग्गज नेताओं को मिला जिम्मा

नई दिल्ली।
अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (AICC) ने बिहार विधानसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर सीनियर ऑब्जर्वर नियुक्त कर दिए हैं। पार्टी ने छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अधीर रंजन चौधरी को बिहार चुनाव का सीनियर ऑब्जर्वर बनाया है।

AICC के महासचिव केसी वेणुगोपाल ने यह लिस्ट जारी की है। बिहार कांग्रेस ने भी इसे सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X (पूर्व ट्विटर) पर साझा करते हुए जानकारी दी।

अनुभव के आधार पर सौंपी गई जिम्मेदारी

पार्टी सूत्रों के अनुसार, तीनों नेताओं के लंबे राजनीतिक अनुभव और चुनावी रणनीति में उनकी पकड़ को देखते हुए यह जिम्मेदारी दी गई है। अधीर रंजन चौधरी पश्चिम बंगाल कांग्रेस के अध्यक्ष रह चुके हैं और संगठनात्मक कार्यों में उनका व्यापक अनुभव है।

भूपेश बघेल का लंबा चुनावी अनुभव

भूपेश बघेल इससे पहले हिमाचल प्रदेश, झारखंड, असम, उत्तर प्रदेश और महाराष्ट्र विधानसभा चुनावों में कांग्रेस के ऑब्जर्वर रह चुके हैं।
2024 लोकसभा चुनाव में जब राहुल गांधी रायबरेली सीट से प्रत्याशी थे, तब भी बघेल को उस सीट पर ऑब्जर्वर नियुक्त किया गया था। वर्तमान में वे कांग्रेस के महासचिव और पंजाब प्रदेश कांग्रेस प्रभारी हैं।

कांग्रेस ने की तैयारियों में तेजी

कांग्रेस नेतृत्व का मानना है कि इन तीनों वरिष्ठ नेताओं की टीम बिहार में संगठन को मजबूत करने और चुनावी रणनीति तय करने में अहम भूमिका निभाएगी।
बिहार विधानसभा चुनाव को लेकर कांग्रेस ने अपने अभियान और गठबंधन रणनीति पर भी चर्चाएं तेज कर दी हैं।