रायगढ़ में पैसों के लालच ने छीनी दो जिंदगियां: बेटे ने पिता और नानी की गला दबाकर की हत्या, मुआवजे के बंटवारे पर था विवाद

NTPC मुआवजा राशि को लेकर चल रहा था झगड़ा, पुलिस ने बेटे समेत दो आरोपियों को किया गिरफ्तार

रायगढ़।
छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में एक हैरान कर देने वाली घटना सामने आई है। एनटीपीसी (NTPC) मुआवजा राशि के बंटवारे को लेकर हुए विवाद में बेटे ने अपने ही पिता और नानी की गला दबाकर हत्या कर दी। वारदात घरघोड़ा थाना क्षेत्र के ग्राम रायकेरा की है। पुलिस ने हत्या के आरोप में बेटे समेत दो आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

🔹 मृतकों की पहचान और घटना का खुलासा

मृतकों की पहचान घुराउ राम सिदार (60) और उसकी मां सुखमेत सिदार (80) के रूप में हुई है। वहीं, सुखमेत की बेटी गंभीर रूप से घायल है, जिसका इलाज निजी अस्पताल में चल रहा है।

मामले की शुरुआत गुरुवार (2 अक्टूबर) शाम को हुई, जब आरोपी रविशंकर सिदार (26) और रामप्रसाद सिदार उर्फ गरिहा (83) ने मिलकर हत्या की साजिश रची। दोनों ने पहले घुराउ राम सिदार की रस्सी से गला घोंटकर हत्या कर दी। यह देख रही सुखमेत सिदार ने विरोध किया तो उसे भी बेरहमी से मार डाला।

🔹 सुबह गांव में मचा हड़कंप

अगली सुबह (3 अक्टूबर) गांव के कोटवार सकिर्तन राठिया ने घर की परछी में दोनों के शव पड़े देख पुलिस को सूचना दी। मौके पर एसडीओपी, एफएसएल टीम और घरघोड़ा थाना पुलिस पहुंची।
पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में पुष्टि हुई कि दोनों की मौत गला दबाने और मारपीट के कारण हुई थी। इसके बाद पुलिस ने बीएनएस की धारा 103(1) के तहत हत्या का मामला दर्ज किया।

🔹 बेटे ने किया जुर्म कबूल

पुलिस ने जांच के दौरान मृतक के बेटे रविशंकर सिदार और गांव के ही रामप्रसाद सिदार को हिरासत में लिया। पूछताछ में दोनों ने अपना जुर्म कबूल करते हुए बताया कि एनटीपीसी से मिले मुआवजे के पैसों के बंटवारे को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था, इसी कारण हत्या की गई।

🔹 पुलिस ने बरामद की हत्या में इस्तेमाल रस्सी

आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल रस्सी बरामद कर ली है। दोनों को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।