भीषण सड़क हादसा: रॉन्ग साइड से आए ट्रक ने बोलेरो को मारी टक्कर, 5 की मौत, 5 गंभीर

कवर्धा। छत्तीसगढ़ के कवर्धा जिले में रविवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। रॉन्ग साइड से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने बोलेरो वाहन को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे बोलेरो के परखच्चे उड़ गए। हादसे में 3 महिला शिक्षिकाओं, एक नाबालिग लड़की और ड्राइवर की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं बोलेरो में सवार 5 अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हैं। घटना चिल्फी थाना क्षेत्र के अकालघरिया मोड़, नेशनल हाईवे-30 पर हुई।

जानकारी के मुताबिक, बोलेरो में सवार सभी लोग कोलकाता के रहने वाले थे। वे मध्यप्रदेश के बालाघाट स्थित कान्हा नेशनल पार्क घूमने के बाद बिलासपुर लौट रहे थे, जहां से उन्हें रात को ट्रेन पकड़नी थी। लेकिन रास्ते में ही वे हादसे का शिकार हो गए।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, शाम करीब 5 बजे अमरकंटक की ओर जा रहा ट्रक रॉन्ग साइड से तेज रफ्तार में आया और सामने से आ रही बोलेरो को सीधी टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बोलेरो पूरी तरह से चकनाचूर हो गई। हादसे के बाद गाड़ी में फंसे लोगों की चीख-पुकार मच गई।

सूचना मिलते ही चिल्फी पुलिस और डायल-112 की टीम मौके पर पहुंची। रेस्क्यू कर सभी घायलों को बोड़ला सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद 5 गंभीर घायलों को कवर्धा जिला अस्पताल रेफर किया गया।

स्थानीय लोगों का कहना है कि हादसे की आवाज इतनी तेज थी कि आसपास के गांवों तक सुनाई दी। सड़क पर बिखरे खून और क्षतिग्रस्त बोलेरो को देखकर लोग सन्न रह गए। घटना के बाद हाईवे पर कुछ देर के लिए जाम की स्थिति बन गई थी।

पुलिस ने ट्रक चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।