छत्तीसगढ़ में 26 जिलों में यलो अलर्ट जारी, कई इलाकों में बारिश – बिलासपुर में युवक डूबा, 12 घंटे बाद भी लापता

रायपुर। छत्तीसगढ़ में मौसम का मिजाज फिलहाल बदला हुआ है। मौसम विभाग ने सोमवार को प्रदेश के 26 जिलों में गरज-चमक के साथ बिजली गिरने और तेज आंधी चलने की संभावना जताते हुए यलो अलर्ट जारी किया है। राजधानी रायपुर में रविवार रातभर हल्की बूंदाबांदी होती रही, जबकि सुबह के बाद कई इलाकों में तेज बारिश देखने को मिली।

मौसम विभाग के मुताबिक, कांकेर, नारायणपुर, कोंडागांव, बस्तर, दंतेवाड़ा, बीजापुर और सुकमा जिलों में मौसम सामान्य रहेगा। वहीं उत्तरी और मध्य छत्तीसगढ़ में हल्की से मध्यम वर्षा के साथ आंधी की स्थिति बनी रहेगी।

पिछले 24 घंटों के दौरान प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश दर्ज की गई। सुकमा में सबसे ज्यादा 49.3 मिमी वर्षा रिकॉर्ड की गई है। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि अब धीरे-धीरे बारिश की गतिविधियों में कमी आएगी और अगले दो दिनों में मौसम सामान्य होने की संभावना है।

इसी बीच, बिलासपुर जिले के चचेई डैम में एक दर्दनाक हादसा सामने आया है। यहां पिकनिक मनाने गए आकाश पटेल नामक युवक गहरे पानी में डूब गया। घटना के बाद से रेस्क्यू टीम लगातार तलाश कर रही है, लेकिन 12 घंटे बीत जाने के बाद भी युवक का कोई सुराग नहीं मिला है।

प्रशासन ने लोगों से नदियों, डैम और जलाशयों के आसपास सावधानी बरतने की अपील की है, क्योंकि बारिश के कारण जलस्तर में वृद्धि और फिसलन की स्थिति बनी हुई है।