योगेश यादव/ बलौदाबाजार। थाना कसडोल क्षेत्र के ग्राम देवरीकला में डांस प्रतियोगिता के दौरान दो गांवों के लोगों के बीच विवाद इतना बढ़ गया कि चाकू और लोहे के चूड़े से हमला कर दिया गया। इस हमले में ग्राम देवरीखुर्द के एक युवक को गंभीर चोटें आई हैं, जबकि छह अन्य लोग घायल हुए हैं। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 28 घंटे के भीतर 03 अपचारी बालक सहित 09 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के अनुसार, प्रार्थी मनीष कुमार सोनवानी (23 वर्ष) निवासी ग्राम देवरीखुर्द ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि वह 4 अक्टूबर की शाम अपने भाई मुकेश सोनवानी और अन्य ग्रामवासियों के साथ दशहरा एवं डांस प्रतियोगिता देखने ग्राम देवरीकला गया था। रात करीब 10:15 बजे डांस मंच के पास आरोपी दिलेश्वर वैष्णव और उसके साथियों ने उनके गांववालों से झगड़ा करते हुए अश्लील एवं जातिसूचक गाली गलौज की। जब विरोध किया गया तो आरोपियों ने चाकू और लोहे के चूड़े से हमला कर दिया, जिससे मुकेश सोनवानी के सिर के पीछे गंभीर चोट आई। इस दौरान कन्हैया रात्रे सहित 6 अन्य लोगों के साथ भी मारपीट की गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना कसडोल में अपराध क्रमांक 618/2025 दर्ज किया गया है। पुलिस ने बीएनएस की धाराएं 296, 115(2), 351(3), 109, 191(2), 191(3), 190 तथा एससी/एसटी एक्ट की धारा 3(2)(व्ही)(क) के तहत अपराध पंजीबद्ध किया है।
एसपी भावना गुप्ता के निर्देशन में कसडोल पुलिस ने आरोपियों की धरपकड़ के लिए घरपकड़ अभियान और आकस्मिक दबिश चलाई। इस कार्रवाई के दौरान पुलिस ने 03 अपचारी बालक सहित कुल 09 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पूछताछ में आरोपियों ने अपराध करना स्वीकार किया है। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त चाकू और लोहे का चूड़ा भी जब्त किया है।
पुलिस जांच में सामने आया कि देवरीखुर्द और देवरीकला गांवों के बीच पहले से विवाद और तनाव की स्थिति बनी हुई थी। फिलहाल घायल मुकेश सोनवानी का इलाज जारी है, जबकि अन्य 6 लोगों को सामान्य चोटें आई हैं।
—
गिरफ्तार आरोपी
1. दिलेश्वर दास वैष्णव (21 वर्ष)
2. हरिशंकर कैवर्त (19 वर्ष)
3. डुगेश्वर वैष्णव (25 वर्ष)
4. हुमेंद्र पैकरा (21 वर्ष)
5. बालेश्वर वैष्णव (34 वर्ष)
6. धनेश्वर ध्रुव (18 वर्ष)
7. अपचारी बालक – 03
सभी आरोपी ग्राम देवरीकला, थाना कसडोल के निवासी हैं। पुलिस ने बताया कि सभी को न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया जारी है।
