मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर। जिले के चिरमिरी ओपन कास्ट कोयला खदान में सोमवार को बड़ा हादसा हो गया। बारूद भरते समय अचानक ब्लास्ट होने से वहां काम कर रहे मजदूर मिट्टी और पत्थरों के मलबे में दब गए। हादसे में 10 मजदूर घायल हुए हैं, जिनमें 2 की हालत गंभीर बताई जा रही है।
घायलों में महिला मजदूर भी शामिल हैं। इनमें से 4 ठेका मजदूर हैं, जबकि 6 एसईसीएल (SECL) के कर्मचारी हैं। धमाका इतना तेज था कि पास में खड़ी बारूद वाहन और बोलेरो भी क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे के बाद खदान परिसर में अफरा-तफरी मच गई।
घायलों को तुरंत गोदरीपारा के रीजनल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है। घटना की सूचना मिलते ही चिरमिरी नगर निगम के महापौर राम नरेश राय और एसईसीएल के अधिकारी अस्पताल पहुंचे और घायलों की स्थिति की जानकारी ली।
स्थानीय लोगों की भारी भीड़ अस्पताल परिसर में जुटी रही। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, विस्फोट बारूद हैंडलिंग के दौरान लापरवाही की वजह से हुआ है। फिलहाल, घटना के कारणों की विस्तृत जांच की जा रही है।
