छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में मंगलवार दोपहर हुए एक दिल दहला देने वाले हादसे में मिट्टी से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली ने स्कूटी सवार मां-बेटी को कुचल दिया। हादसे में दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। परिवार कुछ दिन पहले ही बच्ची का दूसरा जन्मदिन मनाया था। यह घटना कोतवाली थाना क्षेत्र के वार्ड नंबर-5, भारतीय दयानंद आर्य स्कूल के पास की है।
स्कूटी से गिरी मां-बेटी, ट्रॉली के पहियों के नीचे आईं
जानकारी के मुताबिक, विकास साहू (30) मंगलवार दोपहर अपनी पत्नी और दो साल की बेटी के साथ स्कूटी से किसी काम से जा रहा था। रास्ते में जब भारतीय दयानंद आर्य स्कूल के पास एक मिट्टी से भरा ट्रैक्टर सामने आया, तो विकास ने अपनी स्कूटी की रफ्तार धीमी कर ब्रेक लगाया।
जैसे ही उसने ब्रेक मारी, पीछे बैठी उसकी पत्नी और बच्ची अचानक नीचे गिर गईं। उसी वक्त ट्रैक्टर की ट्रॉली उनके ऊपर से गुजर गई। हादसा इतना भयावह था कि दोनों गंभीर रूप से घायल होकर वहीं तड़पने लगीं। स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया।
प्रत्यक्षदर्शी ने बताया – झटके से गिर पड़ीं मां-बेटी
घटना के प्रत्यक्षदर्शी चुम्मन देशमुख ने बताया कि ट्रैक्टर (नंबर CG 07 D 3977) और ट्रॉली (CG 07 N 4992) मिट्टी लेकर जा रही थी। जब ट्रैक्टर दयानंद आर्य स्कूल के पास पहुंचा, उसी वक्त विकास साहू स्कूटी लेकर सामने से आ रहा था।
“विकास ने स्कूटी साइड में रोकने की कोशिश की, तभी झटके से उसकी पत्नी और बेटी नीचे गिर पड़ीं। दोनों सीधे ट्रॉली के पिछले पहियों की चपेट में आ गईं। पलभर में सब कुछ खत्म हो गया,” – चश्मदीद ने बताया।
पिता सदमे में, एक हफ्ते पहले मनाया था जन्मदिन
बच्ची की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। परिजनों ने बताया कि सिर्फ एक सप्ताह पहले ही घर में बच्ची का जन्मदिन मनाया गया था। हादसे के बाद पिता विकास साहू पूरी तरह सदमे में हैं और लगातार बेहोश हो रहे हैं।
ट्रैक्टर चालक फरार, पुलिस ने शुरू की जांच
हादसे के बाद ट्रैक्टर चालक मौके से फरार हो गया। स्थानीय लोगों ने ट्रैक्टर और ट्रॉली को रोककर पुलिस को सूचना दी। कोतवाली थाना पुलिस ने वाहन को जब्त कर लिया है और चालक की तलाश शुरू कर दी है।
