छत्तीसगढ़ में अगले तीन दिनों तक बारिश के आसार, मौसम विभाग ने जारी किया यलो अलर्ट

रायपुर। छत्तीसगढ़ में मौसम एक बार फिर करवट लेने जा रहा है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने राज्य के कई हिस्सों में अगले तीन दिनों तक हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई है। इसके साथ ही कई इलाकों में बादल गरजने, तेज हवाएं चलने और आंधी-तूफान की भी चेतावनी दी गई है।

मौसम विभाग ने बुधवार को प्रदेश के 30 जिलों में यलो अलर्ट जारी किया है। इन जिलों में बिजली गिरने, तेज आंधी और गरज-चमक को लेकर लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है। हालांकि, सूरजपुर, कोरिया और बलरामपुर जैसे उत्तरी जिलों में मौसम अपेक्षाकृत सामान्य रहने की संभावना है।

10 अक्टूबर के बाद बारिश में कमी

मौसम विभाग के अनुसार, 10 अक्टूबर के बाद उत्तर छत्तीसगढ़ में बारिश और गरज-चमक की तीव्रता में कमी आ सकती है। इससे लोगों को आंशिक राहत मिलने की उम्मीद है, हालांकि तब तक सतर्कता बनाए रखने की आवश्यकता है।

सरगुजा में ठंड की दस्तक

सरगुजा क्षेत्र में तापमान में गिरावट दर्ज की जा रही है और सुबह के समय धुंध देखने को मिल रही है। मौसम विभाग ने संकेत दिए हैं कि आने वाले दिनों में ठंड में इजाफा हो सकता है। यह संकेत प्रदेश में सर्दी की शुरुआत मानी जा रही है।

क्या करें, क्या न करें:

आंधी-तूफान और बिजली गिरने की आशंका को देखते हुए खुले स्थानों पर न जाएं।

पेड़, बिजली के खंभों और पुराने निर्माणों से दूरी बनाए रखें।

मौसम से जुड़ी सरकारी चेतावनियों और अपडेट्स पर नजर बनाए रखें।