इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय को मिला नया कुलसचिव, तीन अधिकारियों के तबादले

रायपुर | छत्तीसगढ़ शासन के कृषि विकास एवं किसान कल्याण विभाग ने मंगलवार को प्रमुख प्रशासनिक नियुक्तियों और तबादलों का आदेश जारी किया। इसके तहत इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय, रायपुर को नया कुलसचिव मिल गया है।

कपिलदेव दीपक को विश्वविद्यालय का नया कुलसचिव नियुक्त किया गया है। वे वर्तमान में कृषि संचालनालय में संयुक्त संचालक के पद पर कार्यरत थे। उन्हें इस पद से मुक्त कर इंदिरा गांधी कृषि विवि का प्रभार सौंपा गया है।

महात्मा गांधी उद्यानिकी विवि को भी मिला नया कुलसचिव

इसके अलावा विभाग ने यशवंत केराम को प्रतिनियुक्ति पर महात्मा गांधी उद्यानिकी एवं वानिकी विश्वविद्यालय, दुर्ग का कुलसचिव नियुक्त किया है। फिलहाल वे संयुक्त संचालक, सरगुजा कृषि संभाग के पद पर कार्यरत हैं। अब उन्हें इस नई जिम्मेदारी के लिए प्रतिनियुक्त किया गया है।

आरएल खरे की प्रतिनियुक्ति समाप्त

इसी आदेश के तहत, आरएल खरे की प्रतिनियुक्ति समाप्त कर दी गई है। वे अब तक महात्मा गांधी उद्यानिकी एवं वानिकी विश्वविद्यालय में कुलसचिव पद की जिम्मेदारी संभाल रहे थे।