रायपुर | छत्तीसगढ़ इस वर्ष अपनी स्थापना के 25 साल पूरे कर रहा है और इस मौके को “रजत जयंती वर्ष” के रूप में मनाने की तैयारी जोरों पर है। राज्य सरकार ने इस बार राज्योत्सव को 3 दिन से बढ़ाकर 5 दिन तक आयोजित करने का फैसला लिया है। 1 नवंबर से 5 नवंबर 2025 तक नवा रायपुर में यह भव्य आयोजन होगा।
पीएम मोदी होंगे मुख्य अतिथि, उपराष्ट्रपति करेंगे समापन
राज्योत्सव की शुरुआत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मौजूदगी में होगी। इस ऐतिहासिक मौके पर वे नवा रायपुर में बनने जा रहे नए विधानसभा भवन का शिलान्यास करेंगे। वहीं, समापन समारोह में देश के उपराष्ट्रपति के शामिल होने की पुष्टि हुई है।
पीएम मोदी अपने दौरे के दौरान रायपुर को नया पुलिस कमिश्नरेट कार्यालय भी सौंपेंगे। साथ ही सड़क, स्वास्थ्य, शिक्षा और डिजिटल कनेक्टिविटी से जुड़ी कई विकास परियोजनाओं की सौगात भी देंगे।
राज्योत्सव में होगा सामूहिक गृह प्रवेश
राज्य के गृहमंत्री विजय शर्मा ने जानकारी देते हुए बताया कि यह केवल एक सांस्कृतिक आयोजन नहीं होगा, बल्कि इसे ‘गर्व और पहचान का उत्सव’ बनाया जा रहा है। उन्होंने बताया कि इस अवसर पर प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत लाखों परिवारों को गृह प्रवेश भी कराया जाएगा।
गांव से राजधानी तक जश्न, हर महीने नई थीम
सरकार ने वर्ष 2025 को पूरी तरह छत्तीसगढ़ की संस्कृति, परंपरा, खानपान, लोककला और खेलों को समर्पित कर दिया है। हर महीने एक नई थीम के तहत गांव से लेकर शहर तक और पंचायत से राजधानी तक आयोजन होंगे, जिससे जनभागीदारी बढ़े और राज्य अपनी जड़ों से और गहराई से जुड़े।
भव्य आयोजन की तैयारियां तेज
राज्य सरकार ने राज्योत्सव को ऐतिहासिक बनाने के लिए सुरक्षा व्यवस्था, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों, प्रदर्शनी, जनकल्याणकारी योजनाओं की झलक, और पारंपरिक लोकनृत्यों सहित हर पहलू पर तेज़ी से काम शुरू कर दिया है। नवा रायपुर में आयोजन स्थल को विशेष रूप से तैयार किया जा रहा है।
