इस बार का राज्योत्सव  में फाइटर जेट्स से गूंजेगा रायपुर का आसमान…..

रायपुर 8 अक्टूबर 2025 : छत्तीसगढ़ अपनी रजत जयंती वर्ष को ऐतिहासिक बनाने की तैयारी में है। इस बार का राज्योत्सव (1 से 5 नवंबर 2025) न सिर्फ सांस्कृतिक आयोजन होगा, बल्कि देशभक्ति और रोमांच का भी संगम देखने को मिलेगा। पहली बार भारतीय वायुसेना इस महाउत्सव में शामिल हो रही है, जिसमें ‘सूर्यकिरण एरोबेटिक टीम’ हवाई करतब दिखाकर आकाश में देशभक्ति की रंगीन छटा बिखेरेगी।

राज्य स्तरीय आयोजन में सूर्यकिरण टीम के हॉक टी-1 जेट विमान आसमान में उड़ान भरते नजर आएंगे। ये विमान अलग-अलग आकृतियों में उड़ते हुए आकाश में तिरंगे के रंग, दिल का आकार, और Y फॉर्मेशन जैसी झांकियां पेश करेंगे। विमानों की रफ्तार 150 से 650 किमी प्रति घंटा तक होगी, जो रोमांच को चरम पर ले जाएगी।

इस एयर शो के लिए भारतीय वायुसेना की एक विशेष टीम 2 नवंबर से 7 नवंबर तक छत्तीसगढ़ में मौजूद रहेगी। लगभग 90 एयरफोर्स कर्मी, पायलट और टेक्निकल स्टाफ आयोजन में हिस्सा लेंगे। स्टेट हैंगर में उनके लिए कार्यालय और विश्राम कक्ष बनाए जाएंगे। साथ ही दल के आवागमन के लिए 30 वाहनों की व्यवस्था भी की जा रही है।