चलती स्कूटी पर रोमांस, इनोवा पर हीरोगिरी – वायरल वीडियो से फजीहत, पुलिस ने की कार्रवाई

छत्तीसगढ़ के कांकेर और दंतेवाड़ा जिलों से दो ऐसे वीडियो सामने आए हैं, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं और पुलिस की सख्ती का कारण भी बन गए हैं। एक ओर कांकेर में चलती स्कूटी पर कपल का खुलेआम रोमांस चर्चा का विषय बना हुआ है, तो दूसरी ओर दंतेवाड़ा में कुछ युवकों की हीरोगिरी भारी पड़ गई है।

कांकेर: चलती स्कूटी पर रोमांस, वीडियो वायरल

मामला कांकेर जिले के कोतवाली थाना क्षेत्र का है। मंगलवार रात को एक कपल बिना हेलमेट और बिना नंबर प्लेट की स्कूटी पर सवार होकर शहर में घूमता नजर आया। इस दौरान गर्लफ्रेंड, बॉयफ्रेंड की गोद में बैठी हुई थी और दोनों चलती स्कूटी पर रोमांस कर रहे थे। कपल का यह वीडियो एक कार सवार ने रिकॉर्ड कर लिया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

वीडियो में यह भी देखा जा सकता है कि स्कूटी सवार कपल को सड़कों पर अन्य वाहनों की कोई परवाह नहीं थी। खुलेआम KISS और रोमांस करते हुए कपल ने ट्रैफिक नियमों की धज्जियां उड़ा दी। अब पुलिस वायरल वीडियो के आधार पर स्कूटी और युवकों की पहचान करने में जुट गई है।

दंतेवाड़ा: इनोवा पर स्टंट, पुलिस पहुंची घर

दूसरा मामला दंतेवाड़ा जिले के सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र से है। यहां कुछ युवकों ने चलती इनोवा कार पर स्टंट करते हुए रील बनाई। कोई कार की छत पर चढ़ा दिखा, तो कोई दरवाजे से लटकते हुए नजर आया। इनका यह ‘हीरोपंती’ वाला वीडियो जैसे ही सोशल मीडिया पर वायरल हुआ, वैसे ही पुलिस हरकत में आ गई।

ट्रैफिक पुलिस ने वायरल वीडियो के आधार पर युवकों की पहचान कर उनके घरों तक दस्तक दी। इसके बाद संबंधित इनोवा कार को जब्त करते हुए करीब 3100 रुपए का चालान भी काटा गया है। पुलिस का कहना है कि इस तरह के स्टंट न केवल नियमों के खिलाफ हैं, बल्कि जानलेवा भी हो सकते हैं।