रायपुर। राजधानी रायपुर के भाठागांव स्थित अंतरराज्यीय बस स्टैंड में लगातार अव्यवस्था और ट्रैफिक जाम की शिकायतों के बाद यातायात पुलिस ने सख्त कार्रवाई की है। तीन दिनों तक चले विशेष अभियान में पुलिस ने कुल 676 बसों का चालान किया है।
यातायात पुलिस को लगातार शिकायतें मिल रही थीं कि बसें स्टैंड के अंदर पार्किंग न करके सड़क किनारे खड़ी की जा रही हैं और यात्रियों को बीच सड़क पर चढ़ाया-उतारा जा रहा है। इससे आए दिन ट्रैफिक बाधित हो रहा था और दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती थी।
—
🚨 बैठक के बाद भी नहीं सुधरे बस संचालक
ASP यातायात डॉ. प्रशांत शुक्ला, DSP गुरजीत सिंह और सतीश ठाकुर ने कुछ दिन पहले 46 बस संचालकों की बैठक लेकर उन्हें नियमों का पालन करने की समझाइश दी थी। बावजूद इसके स्थिति में सुधार नहीं आया।
—
🚓 तीन दिन चला विशेष अभियान
इसके बाद यातायात थाना भाठागांव बस स्टैंड के प्रभारी प्रमोद कुमार सिंह के नेतृत्व में टीम ने भाठागांव बस स्टैंड से भाठागांव चौक तक और रिंग रोड-1 के किनारे तक अभियान चलाया।
इस दौरान नियमों का उल्लंघन करते पाए गए बस संचालकों पर मोटरयान अधिनियम की धारा 122/177 के तहत ई-चालान की कार्रवाई की गई।
—
⚠️ आगे भी जारी रहेगा अभियान
यातायात विभाग ने स्पष्ट किया है कि यह अभियान आगे भी जारी रहेगा। नियमों का उल्लंघन करने वाले बस संचालकों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई, यहां तक कि बस जब्ती और परमिट निलंबन तक की कार्यवाही की जाएगी।
