टीएस सिंहदेव बोले– “मैं तैयार हूं एक दिन का मुख्यमंत्री बनने के लिए”, मंत्री जायसवाल ने कहा– “सिर्फ फिल्म नायक में ही बन सकते हैं CM”

रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजनीति में पूर्व डिप्टी सीएम टीएस सिंहदेव और भाजपा विधायक अजय चंद्राकर के बीच चल रहे “एक दिन का मुख्यमंत्री” बयान पर अब नया ट्विस्ट आ गया है। अजय चंद्राकर के व्यंग्यात्मक बयान के जवाब में टीएस सिंहदेव ने भी तंज के अंदाज में कहा—

> “मैं अजय चंद्राकर का आभार व्यक्त करता हूं। मैं एक दिन का मुख्यमंत्री बनने के लिए तैयार हूं। उन्होंने अभी सीएम बनाया तो नहीं, बनाने के लिए कहा है। मैं खुद उनके घर जाऊंगा, अजय चंद्राकर शपथ ग्रहण की तैयारी करें।”

सिंहदेव ने आगे कहा कि अजय चंद्राकर और उन्होंने करीब डेढ़ दशक तक साथ काम किया है।

> “वे सुलझे हुए राजनेता हैं, लेकिन उनका अंदाज मजाकिया भी है। यह बयान भी मजाकिया है, पर अगर वे कह रहे हैं कि मुझे सीएम बनाएंगे, तो मैं तैयार हूं,” सिंहदेव ने मुस्कुराते हुए कहा।

 

उन्होंने यह भी कहा कि उन्हें उम्मीद है कि अजय चंद्राकर ने “गवर्नर साहब और विष्णुदेव साय से बात तय कर ली होगी—एक का इस्तीफा और दूसरे की मंजूरी की व्यवस्था कर रखी होगी।”

मंत्री जायसवाल का पलटवार — “टीएस बाबा सिर्फ नायक फिल्म में बन सकते हैं CM”

इस पूरे बयानबाजी पर राज्य के स्वास्थ्य मंत्री श्यामबिहारी जायसवाल ने तंज कसते हुए कहा—

> “टीएस बाबा सिर्फ नायक जैसी फिल्म में मुख्यमंत्री बन सकते हैं। भाजपा की 54 सीटें हैं और कांग्रेस की अब कोई संभावना नहीं है। आने वाले 25-50 साल तक कांग्रेस सत्ता से बाहर रहेगी। ऐसे में सिर्फ मूवी में ही बाबा को सीएम बनाया जा सकता है, जैसे फिल्म नायक में अनिल कपूर एक दिन के लिए मुख्यमंत्री बने थे।”

क्या है पूरा मामला?

दरअसल, शुक्रवार को बिलासपुर में टीएस सिंहदेव ने कहा था कि कांग्रेस सामूहिक नेतृत्व के साथ चुनाव लड़ेगी, लेकिन उन्होंने यह भी जोड़ा कि

> “मैं कभी नहीं कहूंगा कि मुझे मुख्यमंत्री नहीं बनना है। कौन ऐसा कहेगा कि मुझे सीएम नहीं बनना?”

 

इस बयान पर भाजपा विधायक अजय चंद्राकर ने चुटकी लेते हुए कहा था—

> “हम टीएस बाबा को एक दिन का मुख्यमंत्री बनाकर सम्मान कर देंगे, क्योंकि कांग्रेस में तो उनका कुछ होना नहीं है। किसी को भी कोई हसरत लेकर ऊपर नहीं जाना चाहिए, इस दुनिया में ही उसे पूरा कर लेना चाहिए।”

 

उन्होंने यह भी कहा कि “गांधी परिवार ने बाबा को धोखा दिया है।”

अब इस राजनीतिक नोकझोंक ने छत्तीसगढ़ की सियासत में हलचल मचा दी है। एक तरफ सिंहदेव ने व्यंग्यात्मक अंदाज में “एक दिन का सीएम बनने की तैयारी” की बात कही है, तो दूसरी ओर मंत्री जायसवाल ने इसे “फिल्मी कल्पना” बता दिया है।