रायपुर। राजधानी रायपुर में अवैध कॉलोनियों और अनधिकृत प्लाटिंग करने वालों पर जिला प्रशासन की सख्त कार्रवाई लगातार जारी है। रविवार को राजस्व विभाग की टीम ने ग्राम माना, डोमा और दतरेंगा में बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 11 एकड़ भूमि पर की गई अवैध प्लाटिंग को ध्वस्त कर दिया।
जानकारी के अनुसार, प्रशासनिक टीम ने ग्राम माना में लगभग 4 एकड़ भूमि पर अवैध रूप से की गई प्लाटिंग को तोड़ दिया। टीम ने मौके पर पहुंचकर प्लिंथ ध्वस्त किए, सड़कों और रास्तों को काटकर पूरी प्लाटिंग को खत्म कर दिया। इसी तरह ग्राम डोमा में 3 एकड़ और ग्राम दतरेंगा में 4 एकड़ भूमि पर किए गए अवैध निर्माण और प्लॉटिंग कार्यों को भी पूरी तरह से तोड़ दिया गया।
अधिकारियों के अनुसार, बिना अनुमति और भूमि उपयोग परिवर्तन के इस तरह की प्लाटिंग कर लोगों को भूखंड बेचना पूरी तरह गैरकानूनी है। प्रशासन ने चेतावनी दी है कि ऐसे लोगों पर राजस्व संहिता और नगर नियोजन अधिनियम के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी।
बता दें कि हाल ही में सेजबहार, डूमरतराई और अटल नगर (NRDA क्षेत्र) में भी अवैध कॉलोनियों के खिलाफ इसी तरह की कार्रवाई की गई थी। कई जगहों पर बुलडोजर चलाकर अवैध निर्माणों को ध्वस्त किया गया था।
जिला प्रशासन का कहना है कि यह अभियान आगे भी जारी रहेगा।
> “जनता को चेतावनी दी जाती है कि वे अवैध प्लाटिंग या अनधिकृत कॉलोनियों में भूखंड न खरीदें, वरना उन्हें भारी नुकसान उठाना पड़ सकता है,”
— प्रशासनिक अधिकारियों का बयान।
