बिलासपुर में अवैध शराब कारोबार को लेकर गैंगवार, युवक की पीट-पीटकर हत्या — एक घायल

बिलासपुर। अवैध शराब बिक्री को लेकर हुए खूनी संघर्ष ने शहर को दहला दिया है। सिरगिट्टी थाना क्षेत्र के तिफरा सब्जी मंडी के पास बीती रात शराब बिक्री के विवाद में दो पक्षों के बीच झगड़ा इतना बढ़ा कि हमला कर एक युवक की हत्या कर दी गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल है।

जानकारी के मुताबिक, करबला निवासी किशन यादव (19) अपने दोस्त साहिल सोनकर, निवासी दयालबंद, के साथ शनिवार रात लुतरा उर्स देखने गया था। दोनों रविवार तड़के करीब तीन बजे लौटते समय शराब पीने के लिए तिफरा सब्जी मंडी इलाके में पहुंचे। वहां पर साहिल साहू नामक युवक अवैध रूप से शराब बेच रहा था।

दोनों ने उससे शराब मांगी तो साहू ने 120 रुपए की बोतल के लिए 250 रुपए की मांग की। कीमत को लेकर कहासुनी बढ़ गई और देखते ही देखते विवाद मारपीट में बदल गया। इसी दौरान साहिल साहू ने अपने साथियों को बुला लिया।

इसके बाद हमलावरों ने लकड़ी के बत्ते से दोनों युवकों पर बेरहमी से हमला कर दिया। किशन यादव किसी तरह भाग निकला और पुलिस को सूचना दी, लेकिन तब तक साहिल सोनकर को हमलावरों ने दौड़ा-दौड़ाकर पीट-पीटकर अधमरा कर दिया था।

पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों को अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने साहिल सोनकर को मृत घोषित कर दिया, जबकि घायल किशन यादव का सिम्स अस्पताल में इलाज चल रहा है।

घटना के बाद इलाके में तनाव की स्थिति बनी हुई है। सिरगिट्टी पुलिस ने मुख्य आरोपी साहिल साहू और उसके साथियों के खिलाफ हत्या और अवैध शराब कारोबार का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस का कहना है कि जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।