बिलासपुर। सोशल मीडिया पर हथियार लहराते हुए वीडियो बनाना बिलासपुर के कुछ युवकों को भारी पड़ गया। पुलिस ने फरार हिस्ट्रीशीटर लुटू पांडेय उर्फ रितेश और उसके चार साथियों को गिरफ्तार कर लिया है। ये सभी इंस्टाग्राम पर पिस्टल और हथियारों के साथ वीडियो बनाकर दहशत फैलाने की कोशिश कर रहे थे। इतना ही नहीं, वीडियो में शहर के भाजपा और कांग्रेस नेताओं को जान से मारने की धमकी भी दी गई थी।
फरार हिस्ट्रीशीटर लुटू पांडेय UP से पकड़ाया
सरकंडा थाना पुलिस के अनुसार, चिंगराजपारा निवासी लुटू पांडेय NDPS एक्ट के एक मामले में लंबे समय से फरार था। फरारी के दौरान वह अपने साथी शिवम मिश्रा के साथ उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर, बनारस और इलाहाबाद जैसे शहरों में लगातार ठिकाने बदल रहा था। दोनों सोशल मीडिया पर हथियारों के साथ वीडियो बनाकर खुद को “गैंगस्टर” बताने की कोशिश कर रहे थे।
सोशल मीडिया पर धमकियां, पुलिस ने ली कार्रवाई
आरोपियों ने इंस्टाग्राम पर कई वीडियो पोस्ट कर स्थानीय युवकों को और राजनीतिक नेताओं को जान से मारने की धमकी दी थी। इन वीडियो की शिकायत चकरभाठा और सरकंडा थानों में की गई। इसके बाद पुलिस ने आरोपियों के ठिकानों की जानकारी जुटाई और टीम बनाकर उत्तर प्रदेश भेजी।
रतनपुर के पास हुई घेराबंदी, पांच आरोपी गिरफ्तार
पुलिस की दबिश की भनक लगते ही आरोपी छत्तीसगढ़ लौट आए। इसी दौरान रतनपुर के पास की गई घेराबंदी में पुलिस ने लुटू पांडेय, शिवम मिश्रा, लक्की यादव, शैलेश चौबे और शंभू यादव को गिरफ्तार कर लिया। उनके पास से एक रिवॉल्वर, एयरगन, चाकू, बेसबॉल स्टिक और एक बुलेट मोटरसाइकिल जब्त की गई है।
पुलिस ने निकाला जुलूस, बुलवाई माफ़ी
गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने आरोपियों का शहर में जुलूस निकाला। इस दौरान सभी आरोपियों से सार्वजनिक रूप से उठक-बैठक करवाई गई और माफ़ी मंगवाई गई। इसी दौरान एक आरोपी यह कहते हुए नजर आया—
> “बिलासपुर में गुंडई करोगे तो पुलिस गुफा से भी निकाल लेगी, पुलिस हमारी बाप है।”
पुलिस की सख्त चेतावनी
बिलासपुर पुलिस ने कहा कि सोशल मीडिया पर अपराधी छवि बनाने, हथियारों के साथ वीडियो पोस्ट करने या किसी को धमकाने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने शहर के युवाओं से भी अपील की है कि वे ऐसे वीडियो बनाने से बचें और सोशल मीडिया का दुरुपयोग न करें।
