रायपुर। राजधानी रायपुर के लिए गर्व का अवसर है। शहर की महापौर मीनल चौबे को जापान के टोयोटा सिटी में होने वाले अंतरराष्ट्रीय मेयर फोरम 2025 में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया गया है। यह प्रतिष्ठित सम्मेलन 14 से 16 अक्टूबर तक आयोजित किया जाएगा।
यह फोरम संयुक्त राष्ट्र सतत विकास कार्यालय (UNOSD) द्वारा आयोजित किया जा रहा है, जो संयुक्त राष्ट्र के आर्थिक एवं सामाजिक मामलों के विभाग (UNDESA) के अंतर्गत कार्य करता है। आयोजन में UN-Habitat, UNCRD और टोयोटा सिटी प्रशासन भी सहयोगी भागीदार हैं।
सम्मेलन का मुख्य उद्देश्य है—दुनियाभर के नगरों में स्थानीय स्तर पर सतत विकास लक्ष्यों (SDGs) के सफल कार्यान्वयन के उदाहरणों को साझा करना और शहरों के बीच सहयोग को बढ़ावा देना। इस अंतरराष्ट्रीय मंच पर विभिन्न देशों के महापौर, स्थानीय निकाय प्रमुख और शहरी विकास से जुड़े प्रतिनिधि शामिल होंगे।
महापौर मीनल चौबे रायपुर नगर निगम की ओर से इस फोरम में भाग लेंगी और राजधानी में लागू स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट्स, पर्यावरणीय पहलें और स्वच्छता मॉडल की जानकारी साझा करेंगी।
यह आमंत्रण रायपुर के लिए न केवल एक उपलब्धि है बल्कि शहर के वैश्विक स्तर पर बढ़ते प्रभाव और सतत विकास की दिशा में उठाए गए कदमों की भी मान्यता है।
