छत्तीसगढ़ के बस्तर जिले से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां कुछ बदमाशों ने बस ड्राइवर की बेरहमी से पिटाई कर दी। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
जानकारी के मुताबिक, यह वारदात सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र की है। कार सवार कुछ युवक शराब के नशे में धुत थे। उन्होंने पहले बस को ओवरटेक किया और फिर अपनी कार बस के सामने रोक दी। इसके बाद वे बस में चढ़ गए और चालक जीतू सरदार पर लगातार मुक्कों से हमला करने लगे।
मारपीट के दौरान ड्राइवर के चेहरे और आंखों पर गंभीर चोटें आईं। उसके मुंह से खून निकलने लगा और आंखें सूज गईं। चालक रोता रहा और छोड़ देने की गुहार लगाता रहा, लेकिन हमलावरों ने उसकी एक न सुनी।
हमले के बाद आरोपी युवक अपनी गाड़ी में बैठकर मौके से फरार हो गए। घायल अवस्था में जीतू सरदार किसी तरह बस चलाकर जगदलपुर पहुंचा और पुलिस से मदद मांगी। उसने सिटी कोतवाली थाने में एफआईआर दर्ज करवाई है।
थाना प्रभारी भोला सिंह राजपूत ने बताया कि घटना में शामिल 2-3 अज्ञात युवकों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। आरोपियों की पहचान की जा रही है और जल्द ही गिरफ्तारी की जाएगी।
मारपीट की यह वारदात 12 अक्टूबर की रात NH-30 पर बस्तर टोल प्लाजा के पास हुई थी। पीड़ित जीतू सरदार कोंडागांव से हैदराबाद तक नाइट रूट की यात्री बस चलाता है। उसके मुताबिक, पहले युवकों ने बस को बार-बार ओवरटेक किया और रास्ता रोका, फिर गुस्से में आकर हमला कर दिया।
घटना का वीडियो एक यात्री ने मोबाइल से रिकॉर्ड कर लिया, जो अब सोशल मीडिया पर वायरल है।
पुलिस ने इस मामले में भारतीय दंड संहिता की धाराओं 296, 115(2), 351(2) और 3(5) के तहत अपराध दर्ज किया है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि नेशनल हाईवे पर इस तरह की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं, जिससे यात्रियों में दहशत का माहौल है। उन्होंने प्रशासन से रात्रिकालीन गश्त बढ़ाने और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है।
