रायपुर। राजधानी के मैग्नेटो मॉल स्थित बारबेक्यू नेशन रेस्टोरेंट में पूर्व कर्मचारी ने 2 लाख से ज्यादा नकदी चोरी कर ली। यह घटना 12 अक्टूबर की रात की है। आरोपी हथौड़ा लेकर रेस्टोरेंट पहुंचा और तिजोरी तोड़कर 2 लाख 31 हजार रुपए लेकर फरार हो गया।
मामला तेलीबांधा थाना क्षेत्र का है। शिकायत रेस्टोरेंट के मैनेजर रविन्द्र भगत ने दर्ज कराई है। पुलिस ने आरोपी आयान कुमार गुप्ता, जो पहले इसी रेस्टोरेंट में काम करता था, के खिलाफ चोरी का मामला दर्ज किया है।
जानकारी के मुताबिक, आरोपी रात में मॉल परिसर में पहुंचा, जहां 20 से अधिक सिक्योरिटी गार्ड तैनात रहते हैं और पूरे क्षेत्र में CCTV कैमरे लगे हुए हैं। इसके बावजूद आरोपी हथौड़ा लेकर अंदर पहुंच गया और वारदात को अंजाम देने के बाद आसानी से फरार हो गया।
अगली सुबह जब मैनेजर रेस्टोरेंट पहुंचे तो तिजोरी टूटी हुई और नकदी गायब मिली। इसके बाद उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचना दी। फिलहाल पुलिस CCTV फुटेज खंगाल रही है और आरोपी की तलाश में जुटी है।
इस घटना ने मॉल की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। जांच में यह भी देखा जा रहा है कि आरोपी को रेस्टोरेंट तक पहुंचने में किसी अंदरूनी व्यक्ति की मदद तो नहीं मिली।
