रायपुर, 15 अक्टूबर 2025 शहर की खूबसूरती बढ़ाने और ट्रैफिक व्यवस्था को सुधारने की दिशा में राजधानी रायपुर में एक महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। नगर निगम ने तेलीबांधा चौक से लेकर टाटीबंध चौक तक के पूरे मार्ग को ‘नो फ्लैक्स जोन’ घोषित कर दिया है। इस क्षेत्र में अब किसी भी प्रकार के फ्लैक्स, बैनर, होर्डिंग या विज्ञापन बोर्ड लगाना पूरी तरह से प्रतिबंधित कर दिया गया है।
नगर निगम की टीम ने इस रूट पर चल रही सघन कार्रवाई के तहत पुराने व अव्यवस्थित फ्लैक्स और विज्ञापन सामग्रियों को हटाया और डिवाइडर्स पर ‘नो फ्लैक्स जोन’ के स्पष्ट स्टिकर भी लगाए हैं।
नगर निवेश विभाग के अनुसार, यह निर्णय न सिर्फ शहर की सौंदर्यता बनाए रखने के लिए लिया गया है, बल्कि ट्रैफिक व्यवस्था को सुचारू रखने के उद्देश्य से भी इसे जरूरी माना गया। विभाग का मानना है कि डिवाइडर और सड़कों के किनारे लगे अनधिकृत विज्ञापन यातायात में बाधा उत्पन्न कर रहे थे।
अब इस मार्ग पर हरियाली, पौधरोपण और साफ-सुथरी संरचना को बढ़ावा दिया जाएगा, जिससे न केवल दृश्य सौंदर्य बढ़ेगा, बल्कि राहगीरों और वाहन चालकों को भी स्पष्टता से मार्गदर्शन मिलेगा।
नगर निगम ने यह भी स्पष्ट किया है कि यदि कोई व्यक्ति या संस्था इस नो फ्लैक्स जोन में दोबारा विज्ञापन लगाने की कोशिश करता है, तो उसके विरुद्ध नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी। इस क्षेत्र की सतत निगरानी के लिए संबंधित विभागों को निर्देश जारी कर दिए गए हैं।
