महाभारत के ‘कर्ण’ पंकज धीर का निधन, 68 वर्ष की उम्र में ली अंतिम सांस

टीवी और बॉलीवुड जगत से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है। ‘महाभारत’ सीरियल में कर्ण का दमदार किरदार निभाकर घर-घर में मशहूर हुए दिग्गज अभिनेता पंकज धीर का निधन हो गया है। 68 साल की उम्र में उन्होंने अंतिम सांस ली। बताया जा रहा है कि वे लंबे समय से कैंसर से पीड़ित थे।

पंकज धीर ने न सिर्फ छोटे पर्दे बल्कि बड़े पर्दे पर भी अपनी अदाकारी से दर्शकों का दिल जीता। उन्होंने कई सुपरहिट फिल्मों में अहम भूमिकाएं निभाईं। मगर उनकी सबसे बड़ी पहचान बनी — ‘महाभारत’ के कर्ण के रूप में। इस किरदार ने उन्हें अमर कर दिया।

महाभारत में कर्ण की भूमिका निभाने के बाद उन्हें अपार लोकप्रियता मिली। यहां तक कि कई स्कूलों की पाठ्य पुस्तकों में कर्ण के संदर्भ में उनकी तस्वीर का उपयोग किया गया। आईएमडीबी के अनुसार हरियाणा के करनाल और राजस्थान के बटार स्थित मंदिरों में पंकज धीर की मूर्तियां स्थापित हैं, जहां लोग उनकी पूजा करते हैं।

पंकज धीर ने ‘जी हॉरर शो’ के पहले एपिसोड ‘दस्तक’ में अर्चना पूरन सिंह के साथ मुख्य भूमिका निभाई थी। इसके अलावा उन्होंने कोर्टरूम ड्रामा ‘कानून’ में एक वकील का किरदार भी निभाया था।

उनके निधन की खबर से मनोरंजन जगत में शोक की लहर दौड़ गई है। फैंस सोशल मीडिया पर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दे रहे हैं।