आज धनतेरस से दीपोत्सव पर्व शुरू…..

18 अक्टूबर 2025 आज धनतेरस से दीपोत्सव पर्व शुरू हो रहा है। दिनभर खरीदारी होगी। खरीदारी के लिए 6 मुहूर्त रहेंगे। शाम को आयुर्वेद के देवता धन्वंतरि के साथ कुबेर और लक्ष्मी जी की पूजा होगी। इसके बाद यमराज के लिए घर के बाहर दक्षिण दिशा में दीपक लगाया जाएगा। स्कंद पुराण के मुताबिक, इस दिन यमराज के लिए दीपदान करने से अकाल मृत्यु नहीं होती।

आमतौर पर लोग धनतेरस को पैसों से जोड़कर देखते हैं, लेकिन ये आरोग्य नाम के धन का त्योहार है। पूरे साल अच्छी सेहत के लिए इस दिन आयुर्वेद के भगवान धन्वंतरि की पूजा होती है। विष्णु पुराण में निरोगी काया को ही सबसे बड़ा धन बताया है।

खरीदारी के लिए रहेंगे 6 मुहूर्त

सेहत ही ठीक न हो तो पैसों का सुख महसूस नहीं होता, इसलिए धन्वंतरि पूजा की परंपरा शुरू हुई। धन्वंतरि त्रयोदशी तिथि पर अमृत कलश के साथ निकले थे, यानी समुद्र मंथन का फल इसी दिन मिला। इसलिए दिवाली का उत्सव यहीं से शुरू हुआ।