सरकार राज्योत्सव से पहले बड़ी प्रशासनिक सर्जरी कर सकती है…

रायपुर 20 अक्टूबर  2025 : छत्तीसगढ़ में नए मुख्य सचिव की नियुक्ति के बाद मंत्रालय स्तर पर प्रशासनिक फेरबदल की प्रक्रिया शुरू हो गई है। साय सरकार ने कुछ वरिष्ठ अफसरों को नई जिम्मेदारियां दी है। अब राज्योत्सव से पहले सरकार बड़ी प्रशासनिक सर्जरी कर सकती है।

सूत्रों के अनुसार, राज्योत्सव से पहले कई जिलाें के कलेक्टर और एसपी बदले जाएंगे। इस बार कलेक्टर कॉन्फ्रेंस में फीडबैक के आधार पर कई जिलों के कलेक्टर्स को बदलने की तैयारी की जा रही है।

हालांकि छोटे जिलों में अच्छा काम करने वाले कलेक्टर्स को बड़े जिले की जिम्मेदारी दी जा सकती है। वहीं, कुछ कलेक्टरों का तीन साल का कार्यकाल पूरा होने के कारण भी उनकी जगह बदली जाएगी।

प्रशासनिक फेरबदल के पीछे कई अन्य फैक्टर भी काम कर रहे हैं। इस समय एक-दो आईएएस अधिकारी केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर जाने की तैयारी में हैं, जबकि कुछ नए अधिकारी भी केंद्रीय प्रतिनियुक्ति से वापस लौट सकते हैं। संभावित फेरबदल की सूची तैयार करने का काम पहले ही शुरू कर दिया गया है।

पूर्व गृहमंत्री ननकी राम कंवर का भी इस फेरबदल में असर देखा जा सकता है। हाल ही में उन्होंने कोरबा कलेक्टर के खिलाफ मोर्चा खोल दिया था। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के बस्तर दौरे के दौरान कंवर को नजरबंद करना पड़ा था। शाम को भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण देव से मुलाकात के बाद कंवर शांत हो गए थे।

मंत्रालय से जुड़े अफसरों का कहना है कि पिछले दिनों हुई कलेक्टर कॉन्फ्रेंस इस प्रशासनिक सर्जरी में अहम भूमिका निभाएगी। इसमें मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और नए मुख्य सचिव ने कलेक्टरों के कामकाज का बारीकी से मूल्यांकन किया। कुछ कलेक्टरों की तारीफ हुई, जबकि कुछ के प्रदर्शन से सरकार असंतुष्ट दिखाई दी। इन आंकड़ों और प्रदर्शन के आधार पर प्रशासनिक फेरबदल किया जाएगा।