‘शोले’ के जेलर गोवर्धन असरानी का निधन, 84 वर्ष की उम्र में ली अंतिम सांस

मुंबई: हिंदी सिनेमा के मशहूर अभिनेता गोवर्धन असरानी, जिन्हें फिल्म ‘शोले’ में उनके यादगार जेलर के किरदार के लिए जाना जाता है, का सोमवार दोपहर 1 बजे निधन हो गया। वे 84 वर्ष के थे।

उनके मैनेजर बाबू भाई थिबा के मुताबिक, असरानी को चार दिन पहले तबीयत बिगड़ने पर अस्पताल में भर्ती करवाया गया था। डॉक्टरों ने बताया कि उनके फेफड़ों में पानी भर गया था, जिसके कारण उनकी हालत गंभीर हो गई थी।

परिवार ने जानकारी दी कि उनका अंतिम संस्कार मुंबई के सांताक्रूज स्थित शांतिनगर श्मशान घाट में किया गया। उनके अंतिम दर्शन के लिए बॉलीवुड से जुड़े कई कलाकार और शुभचिंतक पहुंचे।

दिलचस्प बात यह रही कि उनके निधन की खबर से कुछ समय पहले ही असरानी के आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट से दिवाली की शुभकामनाओं वाला एक पोस्ट साझा किया गया था। इस पोस्ट के बाद जैसे ही उनके निधन की सूचना सामने आई, उनके चाहने वालों में शोक की लहर दौड़ गई।

एक बहुआयामी कलाकार

गोवर्धन असरानी ने अपने लंबे करियर में 350 से अधिक फिल्मों में काम किया। कॉमेडी, गंभीर भूमिकाएं, चरित्र अभिनेता — हर शैली में उन्होंने दर्शकों के दिलों में खास जगह बनाई। शोले में उनका हास्यप्रधान जेलर का किरदार आज भी हिंदी सिनेमा के सबसे आइकॉनिक किरदारों में गिना जाता है।

बॉलीवुड ने एक बेहतरीन कलाकार को खो दिया है, जिसकी भरपाई मुश्किल है। सोशल मीडिया पर फैंस और फिल्म इंडस्ट्री के कई बड़े नामों ने उनके निधन पर शोक व्यक्त किया है।