सुकमा शहीद एएसपी की पत्नी स्नेहा गिरपुंजे बनीं डीएसपी, गृह विभाग ने जारी किया आदेश

छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित सुकमा जिले के कोंटा डिवीजन में 9 जून 2025 को हुए प्रेशर IED ब्लास्ट में शहीद हुए एएसपी आकाश राव गिरपुंजे की पत्नी स्नेहा गिरपुंजे को राज्य सरकार ने डीएसपी (उप पुलिस अधीक्षक) पद पर नियुक्त किया है। साय कैबिनेट के निर्देश पर गृह विभाग ने 17 अक्टूबर को उनकी अनुकंपा नियुक्ति का आदेश जारी किया। इसके साथ ही स्नेहा गिरपुंजे की पहली पोस्टिंग राजधानी रायपुर के पास स्थित चंद्रखुरी पुलिस अकादमी में की गई है।

गृह विभाग ने इस नियुक्ति के साथ ही स्नेहा गिरपुंजे के लिए 9 शर्तें भी निर्धारित की हैं, जिनमें सेवा से जुड़ी बुनियादी शर्तें और नियम शामिल हैं।

क्या हुआ था 9 जून को?

9 जून को एएसपी आकाश राव गिरपुंजे अपनी टीम के साथ कोंटा-एर्राबोरा मार्ग पर डोंड्रा गांव के पास नक्सलियों द्वारा की गई आगजनी के बाद इलाके की पैदल गश्त पर निकले थे। एक दिन पहले यानी 8 जून की रात को नक्सलियों ने गांव में खदान में खड़ी जेसीबी और अन्य मशीनों में आग लगा दी थी। उसी स्थान से कुछ दूरी पर जमीन में लगभग 2 फीट अंदर प्रेशर IED प्लांट किया गया था।

जैसे ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची, विस्फोट हो गया। इस ब्लास्ट में एएसपी गिरपुंजे शहीद हो गए, जबकि एसडीओपी चंद्राकर और टीआई सोनल ग्वाला घायल हो गए थे।

घटना के बाद एडीजी विवेकानंद सिन्हा ने इसे नक्सलियों द्वारा रचा गया ट्रैप बताया था।

शहीद की पत्नी को मिली ज़िम्मेदारी

स्नेहा गिरपुंजे की डीएसपी के रूप में नियुक्ति न केवल एक अनुकंपा नियुक्ति है, बल्कि यह राज्य सरकार की ओर से शहीद परिवार के प्रति सम्मान और समर्थन का प्रतीक भी है। उन्होंने हाल ही में डीएसपी प्रशिक्षण के लिए चंद्रखुरी पुलिस अकादमी में रिपोर्ट किया है।