रायपुर। दीपावली और आगामी छठ पूजा को देखते हुए रायपुर रेल मंडल के अंतर्गत ट्रेनों और स्टेशनों पर यात्रियों की भारी भीड़ की संभावना है। इसको लेकर रेलवे ने व्यापक तैयारियां की हैं। स्टेशन और ट्रेनों पर बढ़ते दबाव को देखते हुए यात्रियों की सुविधा और सुरक्षा के लिए कई विशेष इंतजाम किए गए हैं।
मंडल रेल प्रबंधक (DRM) दयानंद ने 21 अक्टूबर को स्वयं रायपुर रेलवे स्टेशन पहुंचकर तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने बताया कि क्राउड मैनेजमेंट के तहत रायपुर स्टेशन पर लगभग 6000 स्क्वायर मीटर का होल्डिंग एरिया विकसित किया गया है, जिसकी क्षमता 1000 से अधिक यात्रियों की है। इस एरिया में 600 चेयर, सीसीटीवी कैमरे, एयर कूलर, और भरपूर रोशनी की व्यवस्था की गई है।
कम कीमत में भोजन-पानी की व्यवस्था
यात्रियों को कम कीमत में भोजन उपलब्ध कराने के लिए रेलवे ने स्टेशन पर विशेष प्रबंध किए हैं। अब जनता खाना ₹15, इकोनॉमी मील ₹20 और रेल नीर ₹14 में यात्रियों को उपलब्ध होगा। इसके अलावा खानपान की दुकानों पर भी निगरानी रखी जा रही है ताकि तय दर से अधिक राशि वसूली न जाए।
स्पेशल ट्रेनों की व्यवस्था और टिकट जांच
त्योहारों के मौसम में अधिकतम यात्रियों को कंफर्म टिकट मिल सके, इसके लिए रेलवे स्पेशल ट्रेनों का संचालन कर रहा है। वहीं, स्टेशन परिसर और प्लेटफॉर्म पर 90 से अधिक ऑफिस स्टाफ की शिफ्ट वाइज ड्यूटी लगाई गई है, जो यात्रियों को मार्गदर्शन देने के साथ व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करेंगे।
दुर्ग, भाटापारा और भिलाई स्टेशनों पर भी विशेष इंतजाम
रायपुर ही नहीं, दुर्ग, भाटापारा और भिलाई पावर हाउस रेलवे स्टेशनों पर भी यात्रियों की बढ़ती संख्या को नियंत्रित करने के लिए होल्डिंग एरिया बनाए गए हैं:
- दुर्ग स्टेशन: 1000 स्क्वायर मीटर होल्डिंग एरिया, 1000 यात्री क्षमता, 200 चेयर
- भाटापारा स्टेशन: 400 स्क्वायर मीटर होल्डिंग एरिया, 50 चेयर
- भिलाई पावर हाउस स्टेशन: 250 स्क्वायर मीटर होल्डिंग एरिया, 100 चेयर
इन स्थानों पर भी पीने का पानी, टिकट काउंटर, व्हीलचेयर, स्ट्रेचर और सीसीटीवी कैमरे जैसी सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं।
