नवा रायपुर: तूता धरना स्थल पर दो माह की अस्थायी रोक, प्रदर्शनकारियों के लिए वैकल्पिक स्थल नहीं तय

रायपुर, 22 अक्टूबर 2025 — राजधानी रायपुर में धरना-प्रदर्शन करने वालों के लिए एक बड़ा झटका सामने आया है। नवा रायपुर स्थित तूता धरना स्थल पर दो महीने तक किसी भी प्रकार के धरना, प्रदर्शन या सार्वजनिक सभा पर अस्थायी रूप से रोक लगा दी गई है। यह निर्णय स्थल के रखरखाव और सौंदर्यीकरण कार्य के चलते लिया गया है।

नवा रायपुर अटल नगर विकास प्राधिकरण (NRANVP) के मुख्य कार्यपालन अधिकारी ने जानकारी दी है कि यह कार्य लगभग दो माह तक चलेगा और इस दौरान स्थल नगर विकास प्राधिकरण के अधीन रहेगा। अधिकारियों का कहना है कि इस अवधि में किसी भी प्रकार की गतिविधि स्थल पर नहीं की जा सकेगी।

इस संबंध में जिला कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह द्वारा आधिकारिक आदेश जारी कर दिया गया है, जिसमें स्पष्ट रूप से निर्देशित किया गया है कि अगला आदेश जारी होने तक किसी भी प्रदर्शन या सभा की अनुमति नहीं दी जाएगी।

कोई वैकल्पिक व्यवस्था नहीं

विशेष बात यह है कि अब तक किसी भी वैकल्पिक धरना स्थल की घोषणा प्रशासन द्वारा नहीं की गई है। इससे राजनीतिक दलों, सामाजिक संगठनों और आंदोलनों से जुड़े कार्यकर्ताओं के सामने असमंजस की स्थिति बन गई है, क्योंकि उन्हें अपनी बात रखने के लिए फिलहाल कोई स्थान उपलब्ध नहीं है।