सीनियर IPS अधिकारी रतनलाल डांगी पर यौन उत्पीड़न का आरोप, SI की पत्नी ने की शिकायत — जांच IG आनंद छाबड़ा को सौंपी गई

रायपुर। छत्तीसगढ़ पुलिस के सीनियर IPS अधिकारी रतनलाल डांगी पर यौन उत्पीड़न का गंभीर आरोप लगा है। यह आरोप पुलिस विभाग में पदस्थ एक सब-इंस्पेक्टर (SI) की पत्नी ने लगाया है। पीड़िता ने पुलिस मुख्यालय जाकर डीजीपी से लिखित शिकायत की है, जिसके बाद मामले की जांच की जिम्मेदारी आईजी आनंद छाबड़ा को सौंपी गई है।

शिकायतकर्ता महिला का कहना है कि पिछले सात सालों से रतनलाल डांगी द्वारा उसका शारीरिक और मानसिक शोषण किया जा रहा है। महिला के मुताबिक, इस दौरान उसे लगातार दबाव और धमकी का सामना भी करना पड़ा।

वहीं, IPS रतनलाल डांगी ने इन आरोपों को सिरे से खारिज किया है। उन्होंने डीजीपी को लिखित शिकायत में कहा है कि महिला उन्हें ब्लैकमेल करने और बदनाम करने की कोशिश कर रही है। डांगी ने आरोप लगाया कि संबंधित महिला ने उन्हें ज़हर खाकर आत्महत्या करने की धमकी दी और वीडियो कॉल पर हर वक्त निगरानी रखने जैसी अनुचित मांगें भी रखीं।

इस पूरे मामले पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा है कि – “चाहे IPS हो या IAS, अगर किसी पर आरोप लगता है तो उसकी जांच होगी। और अगर जांच में दोष सिद्ध हुआ तो सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी।”

फिलहाल पुलिस मुख्यालय ने जांच शुरू कर दी है। आईजी आनंद छाबड़ा मामले की सभी पहलुओं से पड़ताल कर रिपोर्ट प्रस्तुत करेंगे।