अशोकनगर में भीषण बस हादसा: चलते-चलते बस में लगी आग, बड़ा हादसा टला, सभी यात्री सुरक्षित

अशोकनगर। शनिवार रात अशोकनगर जिले में बड़ा हादसा टल गया। शिवपुरी जिले के पिछोर से इंदौर जा रही एक यात्री बस में अचानक आग लग गई। हादसा ईसागढ़ रोड पर बमनावर गांव के पास रात करीब 8 बजे हुआ। देखते ही देखते बस पूरी तरह आग की लपटों में घिर गई। गनीमत रही कि बस में सवार सभी यात्रियों को समय रहते सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।

मिली जानकारी के अनुसार बस कमला ट्रैवल्स की थी, जो पिछोर से इंदौर की ओर जा रही थी। बस में सभी सीटें भरी हुई थीं। अचानक बस के अगले हिस्से में धुआं उठता देख ड्राइवर और यात्रियों में हड़कंप मच गया। बताया जा रहा है कि बस में सवार एक पुलिसकर्मी और ड्राइवर ने समझदारी दिखाते हुए बस का कांच तोड़कर यात्रियों को बाहर निकाला।

घटना के तुरंत बाद आसपास के ग्रामीण भी मदद के लिए मौके पर पहुंचे। हालांकि आग इतनी भीषण थी कि देखते ही देखते बस पूरी तरह जलकर खाक हो गई।

दमकल की एक गाड़ी का पानी खत्म, दूसरी बुलाई गई
आग की सूचना मिलते ही ईसागढ़ और अशोकनगर पुलिस मौके पर पहुंची। फायर ब्रिगेड की एक गाड़ी ने आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन पानी खत्म हो जाने से लपटों पर काबू नहीं पाया जा सका। इसके बाद दूसरी दमकल गाड़ी बुलानी पड़ी।

शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका
बस स्टाफ का कहना है कि आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट हो सकता है। स्टाफ ने बताया कि सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया और बस के अंदर जाकर जांच भी की गई।

हेड कॉन्स्टेबल ने बताया घटना का हाल
बस में सवार कदवाया थाने के हेड कॉन्स्टेबल अरविंद सिंह रघुवंशी ने बताया कि वह डाक लेकर अशोकनगर जा रहे थे। “जैसे ही बमनावर गांव के पास पहुंचे, बस के अल्टीनेटर से धुआं निकलने लगा। कुछ ही क्षणों में लपटें तेजी से बढ़ीं। तुरंत सभी यात्रियों को बाहर निकलने को कहा गया। गेट से एक साथ सभी को निकालना मुश्किल था, इसलिए हमने कांच तोड़कर लोगों को निकाला,” उन्होंने बताया।

फिलहाल किसी के हताहत होने की खबर नहीं है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।