रायपुर से बड़ी खबर: राज्योत्सव से पहले छत्तीसगढ़ महतारी की मूर्ति से तोड़फोड़, आरोपी गिरफ्तार

रायपुर। राज्योत्सव से ठीक पहले राजधानी रायपुर में छत्तीसगढ़ महतारी की प्रतिमा से तोड़फोड़ की घटना ने बवाल खड़ा कर दिया। रविवार रात हुई इस घटना के बाद सोमवार सुबह पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

घटना के बाद रविवार को छत्तीसगढ़िया क्रांति सेना के कार्यकर्ता मौके पर पहुंचे और जमकर प्रदर्शन किया। हालांकि, पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित कर लिया और प्रतिमा को सोमवार को दोबारा स्थापित कर दिया गया है।

आरोपी मानसिक रूप से बीमार और नशे में था
CSP रामाकांत साहू ने बताया कि आरोपी की पहचान मनोज सतनामी, निवासी सारंगढ़ के पुसौर क्षेत्र के रूप में हुई है। उसे सोमवार सुबह राम मंदिर के पास से गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में उसने अपराध स्वीकार कर लिया है।

पुलिस के अनुसार, मनोज मानसिक रूप से अस्वस्थ है और घटना के समय नशे की हालत में था। परिजनों से संपर्क करने पर उन्होंने बताया कि मनोज का पहले सेंद्री और रांची में इलाज चल चुका है। वह कई बार गांव में मारपीट की घटनाओं में भी शामिल रहा है और अचानक उग्र हो जाता है।

फिलहाल पुलिस ने आरोपी के खिलाफ विधिवत कार्रवाई शुरू कर दी है। वहीं, इस घटना के बाद शहर में सुरक्षा व्यवस्था को और कड़ा कर दिया गया है ताकि राज्योत्सव के दौरान किसी तरह की अप्रिय स्थिति ना बने।