रायपुर। छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस (1 नवंबर) के अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एक दिवसीय प्रवास पर रायपुर पहुंचेंगे। पीएम मोदी का यह दौरा बेहद व्यस्त रहेगा। वे सुबह रायपुर पहुंचने के बाद करीब 6 घंटे 45 मिनट तक नवा रायपुर में विभिन्न कार्यक्रमों में शामिल रहेंगे। इस दौरान वे नए विधानसभा भवन, आदिवासी स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के म्यूजियम का उद्घाटन करेंगे और राज्योत्सव का शुभारंभ करेंगे।
सूत्रों के अनुसार, प्रधानमंत्री मोदी के कार्यक्रम इतने टाइट हैं कि लंच के लिए अलग से समय निर्धारित नहीं किया गया है। बताया गया है कि वे यात्रा के दौरान ही अल्पाहार लेंगे।
सत्य साईं हॉस्पिटल में करेंगे ‘दिल की बात’
प्रधानमंत्री मोदी नवा रायपुर पहुंचकर सबसे पहले श्री सत्य साई संजीवनी चाइल्ड हार्ट हॉस्पिटल जाएंगे, जहां वे उन 2500 बच्चों से मुलाकात करेंगे जिनके दिल का ऑपरेशन सफलतापूर्वक हुआ है। इसके बाद वे प्रजापिता ब्रम्हाकुमारी के शांति शिखर भवन का उद्घाटन करेंगे।
छह योजनाओं की झांकियां होंगी आकर्षण का केंद्र
नवा रायपुर में प्रधानमंत्री मोदी के स्वागत में 6 से अधिक योजनाओं की झांकियां तैयार की जा रही हैं। इनमें ऑपरेशन सिंदूर, नक्सल मुक्ति, लखपति दीदी, महतारी वंदन, किसान सम्मान, कृषक उन्नति और प्रधानमंत्री आवास योजना शामिल हैं।
जैनम मानस भवन के सामने — जीएसटी 2.0
सेंध तालाब के पास — पीएम जनमन और वन धन विकास योजना
मंदिर हसौद क्रॉसिंग — लखपति दीदी और महतारी वंदन योजना
टी-जंक्शन — ऑपरेशन सिंदूर और नक्सल मुक्ति भारत
एचपी पेट्रोल पंप के पास — प्रधानमंत्री आवास योजना की झांकी
आदिवासी फ्रीडम फाइटर म्यूजियम और राज्योत्सव का शुभारंभ
दोपहर बाद प्रधानमंत्री मोदी आदिवासी फ्रीडम फाइटर म्यूजियम का उद्घाटन करेंगे। इसके पश्चात वे नवा रायपुर मेला ग्राउंड में आयोजित राज्योत्सव का शुभारंभ करेंगे। इस वर्ष छत्तीसगढ़ अपना 25वां स्थापना दिवस मना रहा है। राज्य सरकार ने इस बार राज्योत्सव को 3 दिन से बढ़ाकर 5 दिन (1 से 5 नवंबर) तक करने का निर्णय लिया है। समापन कार्यक्रम में उपराष्ट्रपति शामिल होंगे।
दौरे की तैयारियों के लिए 6 नोडल अफसर नियुक्त
राज्य शासन ने पीएम मोदी के कार्यक्रम की व्यवस्थाओं के लिए 6 वरिष्ठ अधिकारियों को नोडल अफसर नियुक्त किया है —
मनोज कुमार पिंगुआ (एसीएस गृह एवं जेल) – संपूर्ण कार्यक्रम और विधानसभा भवन उद्घाटन
सोनमणि बोरा (प्रमुख सचिव, ट्राइबल विभाग) – आदिवासी संग्रहालय लोकार्पण
एस. प्रकाश (सचिव, परिवहन) – संसदीय कार्य और विधानसभा भवन व्यवस्था
भुवनेश यादव (सचिव, समाज कल्याण) – राज्योत्सव मुख्य मंच व्यवस्था
एस. भारतीदासन (सचिव, उच्च एवं तकनीकी शिक्षा) – राज्योत्सव स्थल प्रदर्शनी
डॉ. प्रियंका शुक्ला (आयुक्त, स्वास्थ्य) – ब्रम्हकुमारी ध्यान केंद्र उद्घाटन
राज्य स्थापना दिवस पर रहेगा अवकाश
1 नवंबर को राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर सभी स्कूल-कॉलेजों में स्थानीय अवकाश रहेगा। चूंकि यह दिन शनिवार को पड़ रहा है, इसलिए सरकारी कार्यालयों में पहले से ही अवकाश रहेगा। हालांकि, बैंक, कोषालय और वित्तीय संस्थानों में यह अवकाश लागू नहीं होगा।
