एल्युमिनियम फैक्ट्री में लगी भीषण आग…..

दुर्ग-भिलाई 28 अक्टूबर : दुर्ग जिले के पाटन में एक एल्युमिनियम फैक्ट्री में अचानक भीषण आग लग गई। घटना 28 अक्टूबर की सुबह 3 की है। आग फैक्ट्री के अंदर मौजूद मशीनरी और एल्युमिनियम पाउडर में तेजी से फैल रही थी, जिससे स्थिति गंभीर हो सकती थी। फायर ब्रिगेड 2 गाड़ी ने 1 घंटे में आग पर काबू पाया।

घटना पाटन थाना क्षेत्र के ग्राम पुनेइडीह स्थित अनुभव एल्युमिनियम वर्क प्राइवेट लिमिटेड फैक्ट्री की है। हादसे में मशीनरी और सामग्री को नुकसान हुआ है। किसी भी प्रकार की कोई जनहानि नहीं हुई। आग किन कारणों से लगी पुलिस इसकी जांच कर रही है। बता दें कि दिवाली के बाद जिले में आग लगने की यह तीसरी घटना है।

अग्निशमन दल ने मौके की गंभीरता को देखते हुए दो दमकल वाहनों से लगातार पानी डालकर आग को फैलने से रोका। करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद आग को पूरी तरह नियंत्रित कर लिया गया। फायर कर्मियों की सूझबूझ और तेज़ कार्रवाई के चलते आग फैक्ट्री के अन्य हिस्सों और आसपास की बस्तियों तक नहीं पहुंच पाई, जिससे एक बड़ी दुर्घटना टल गई।