रायपुर 28 अक्टूबर : छत्तीसगढ़ महतारी की मूर्ति तोड़ने पर बवाल जारी है। इसी बीच छत्तीसगढ़ क्रांति सेना और जोहार छत्तीसगढ़ पार्टी के प्रमुख अमित बघेल ने विवादित बयान दिया। उन्होंने कहा कि, पंडित दीनदयाल उपाध्याय, श्यामा प्रसाद मुखर्जी, अग्रसेन महाराज की मूर्ति क्यों नहीं टूटती है। इनकी मूर्ति पर पेशाब क्यों नहीं करते हैं।
अमित बघेल ने कहा कि कौन है अग्रसेन महराज। चोर है या झूठा है। पाकिस्तानी सिंधी क्या जानते हैं। मछली वाले भगवान के बारे में। उन्होंने हमारी छत्तीसगढ़ी महतारी के गर्दन को काटकर अपमान किया है।अमित बघेल की आपत्तिजनक टिप्पणी के खिलाफ प्रदेशभर में अग्रवाल समाज ने मोर्चा खोल दिया है।
अग्रवाल समाज ने रायपुर, रायगढ़ और सरगुजा समेत कई जिलों में समाज के लोगों ने विरोध जताते हुए FIR दर्ज करने की मांग की है। अग्रवाल समाज का कहना है कि, महाराजा अग्रसेन पर टिप्पणी असहनीय है, बघेल माफी मांगे। अमित बघेल को जेल में डालना चाहिए। इसके विरोध में प्रदर्शन चल रहा है।
वहीं रायगढ़ में समाज के प्रतिनिधियों ने SP कार्यालय पहुंचकर ज्ञापन सौंपा, जबकि सरगुजा में कोतवाली थाने के सामने धरना दिया गया। अग्रवाल समाज ने अमित बघेल के खिलाफ FIR कर गिरफ्तारी की मांग की है। कार्रवाई नहीं होने पर बड़ा आंदोलन की चेतावनी दी है।
अब अमित बघेल के बयान का प्रदेश भर में विरोध हो रहा है, चलिए जानते हैं कहां क्या कुछ बवाल चल रहा है। समाज के लोग क्या कुछ कह रहे हैं ?
महाराजा अग्रसेन पर टिप्पणी असहनीय, बघेल माफी मांगे- अग्रवाल समाज
अमित बघेल के विवादित बयान पर छत्तीसगढ़ अग्रवाल समाज के केंद्रीय अध्यक्ष दाऊ अनुराग अग्रवाल ने कहा कि, छत्तीसगढ़ महतारी की मूर्ति को असामाजिक तत्व ने तोड़ दिया। सरकार ने तुरंत कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेजा है।
अनुराग अग्रवाल ने कहा कि इस कार्रवाई के बीच में छत्तीसगढ़ क्रांति सेना के नेताओं ने अनर्गल बयान दिया। अग्रसेन महाराज का बड़ा योगदान रहा है। हम उनके वंशज हैं, दाऊ कल्याण सिंह ने छत्तीसगढ़ के किसानों के लिए 1900 एकड़ जमीन कृषि विश्वविद्यालय को दी।
अनुराग अग्रवाल ने कहा कि स्वास्थ्य सुविधाओं की बेहतरी के लिए DKS अस्पताल का निर्माण करवाया गया। आज जिस जगह पर एम्स अस्पताल बना हुआ है वहां पर की 250 एकड़ जमीन भी समाज ने दी है। दूधाधारी मंदिर को दाऊ दीनानाथ ने बनवाया है।
छत्तीसगढ़ क्रांति सेना के अध्यक्ष ने महाराज अग्रसेन जी, भगवान झूलेलाल, श्यामाप्रसाद मुखर्जी जी,
दीनदयाल जी व अन्य महापुरुषों के बारे में जो अनुचित बयान दिया है वह निंदनीय है इसके लिए उन्हें माफी मांगनी चाहिए –
दाऊ अनुराग अग्रवाल,
केंद्रीय अध्यक्ष,
छत्तीसगढ़ी अग्रवाल समाज

