छत्तीसगढ़ से इस वक्त बड़ी खबर सामने आ रही है। बुधवार सुबह-सुबह एसीबी (ACB) और ईओडब्ल्यू (EOW) की टीम ने संयुक्त रूप से बड़ी कार्रवाई की है। जानकारी के मुताबिक़, डीएमएफ (DMF) घोटाले से जुड़े मामले में राज्य के कई जिलों में एक साथ छापेमारी की जा रही है।
सूत्रों के अनुसार, रायपुर, धमतरी और राजनांदगांव में टीमों ने एक साथ रेड की है। रायपुर में पचपेड़ी नाका स्थित वॉलफोर्ट इन्क्लेव में एसीबी की टीम जांच कर रही है। वहीं राजनांदगांव में करीब 10 गाड़ियों में सवार अधिकारी पहुंचे और तीन अलग-अलग ठिकानों पर दबिश दी। इनमें भारत माता चौक स्थित राधा कृष्ण एजेंसी अग्रवाल निवास, सत्यम विहार स्थित नहाटा का घर और कामठी लाइन स्थित भंसाली का मकान शामिल है।
बताया जा रहा है कि कार्रवाई DMF (District Mineral Foundation) फंड में कथित अनियमितताओं और भ्रष्टाचार की शिकायतों के आधार पर की जा रही है। एसीबी और ईओडब्ल्यू की टीमें अभी भी अलग-अलग स्थानों पर दस्तावेज़ों की जांच कर रही हैं।
राज्य में सुबह से ही इस कार्रवाई को लेकर राजनीतिक गलियारों में हलचल तेज है। माना जा रहा है कि आने वाले समय में कई और खुलासे हो सकते हैं।
