रायपुर नगर निगम में आज सामान्य सभा की बैठक, नए नेता प्रतिपक्ष आकाश तिवारी की अगुवाई में शुरू हुआ प्रश्नकाल

रायपुर। नगर निगम में नेता प्रतिपक्ष बदले जाने के बाद आज बुधवार को सामान्य सभा की पहली बैठक आयोजित की गई। बैठक की शुरुआत प्रश्नकाल से हुई, जो एक घंटे तक चलेगा। इस दौरान पार्षदों ने अपने-अपने वार्डों से जुड़ी नागरिक समस्याओं, विकास कार्यों और मूलभूत सुविधाओं को लेकर अधिकारियों से सवाल-जवाब किए।

इस बार सामान्य सभा में रिकॉर्ड संख्या में सवाल लगाए गए हैं। कुल 14 से 15 पार्षदों ने अपने वार्डों से संबंधित प्रश्न सूचीबद्ध किए हैं। यह अब तक की सबसे अधिक संख्या बताई जा रही है। प्रश्नकाल के दौरान सड़कों की मरम्मत, पेयजल आपूर्ति, नालियों की सफाई, बिजली व्यवस्था और सार्वजनिक सुविधाओं जैसे मुद्दे प्रमुख रूप से उठाए जा रहे हैं।

प्रश्नकाल के बाद सामान्य सभा में 14 महत्वपूर्ण एजेंडों पर विचार-विमर्श और निर्णय लिया जाएगा। इन एजेंडों में शहर के विकास कार्यों की प्रगति रिपोर्ट, सफाई व्यवस्था, ठोस अपशिष्ट प्रबंधन, स्ट्रीट लाइट व्यवस्था, राजस्व वसूली और निर्माणाधीन परियोजनाओं की समीक्षा जैसे विषय शामिल हैं।

इस बीच, रायपुर नगर निगम की राजनीति में पिछले 10 महीनों से चल रहे विवाद पर भी विराम लग गया है। निगम सभापति सूर्यकांत राठौर ने मंगलवार को आदेश जारी कर आकाश तिवारी को नया नेता प्रतिपक्ष नियुक्त किया है। उन्होंने संदीप साहू की जगह यह जिम्मेदारी संभाली है।

कांग्रेस पार्षद दल में नेता प्रतिपक्ष के चयन को लेकर लंबे समय से मतभेद चल रहे थे। संगठन ने सामान्य सभा की बैठक से ठीक पहले नया निर्णय लेकर विवाद को सुलझा लिया। अब सभी की निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि आकाश तिवारी अपनी पहली बैठक में विपक्ष की भूमिका को किस तरह से मजबूत करते हैं और नागरिक मुद्दों को कितनी प्रभावी ढंग से उठाते हैं।