बिलासपुर। मस्तूरी जनपद पंचायत के उपाध्यक्ष और कांग्रेस नेता नीतेश सिंह पर मंगलवार देर शाम बाइक सवार नकाबपोश हमलावरों ने अंधाधुंध फायरिंग की। वारदात के दौरान करीब 14 राउंड गोलियां चलीं, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई। घटना CCTV कैमरे में कैद हो गई है।
जानकारी के मुताबिक, यह घटना मस्तूरी में स्थित नीतेश सिंह के कार्यालय परिसर की है। दो हमलावर बाइक से पहुंचे, जिनमें से एक ने उतरकर लगातार फायरिंग शुरू कर दी। जवाब में नीतेश सिंह ने भी रिटर्न फायर किया, जिसके बाद हमलावर मौके से भाग निकले।
फायरिंग में पूर्व सरपंच चंद्रकांत सिंह (55) के हाथ और राजकुमार सिंह उर्फ राजू सिंह (45) के पैर में गोलियां लगीं। दोनों को तत्काल अपोलो अस्पताल में भर्ती कराया गया। डॉक्टरों के मुताबिक, चंद्रकांत के हाथ से गोली पार हो गई जबकि राजू के पैर में फंसी दो गोलियां निकाल दी गई हैं।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, हमले की वजह राजनीतिक वर्चस्व और पुरानी रंजिश बताई जा रही है। बताया जा रहा है कि कुछ दिन पहले ही नीतेश सिंह को उनके करीबी बदमाशों ने संभावित हमले की चेतावनी दी थी, लेकिन उन्होंने इसे गंभीरता से नहीं लिया।
पुलिस को शक है कि यह हमला सुपारी किलिंग से जुड़ा हो सकता है। जांच में यह भी सामने आया है कि कुछ समय पहले नीतेश सिंह का विवाद एक मवेशी तस्कर से हुआ था। फिलहाल पुलिस ने पुराने विवादों और दुश्मनों की कुंडली खंगालनी शुरू कर दी है।
गौरतलब है कि तीन साल पहले भी बिलासपुर में कांग्रेस नेता संजू त्रिपाठी की सरेआम गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। हालिया वारदात ने एक बार फिर जिले में सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
पुलिस का कहना है कि CCTV फुटेज के आधार पर हमलावरों की तलाश की जा रही है। अब तक किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है।
