रायपुर 29 अक्टूबर 2025 : 1 नवंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के रायपुर प्रवास को लेकर मंगलवार सुबह सिविल लाइन में आला अधिकारियों की बैठक हुई। बैठक में नवा रायपुर और कार्यक्रम स्थल की सुरक्षा को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। प्रधानमंत्री के कार्यक्रम में अलग-अलग जिलों से आने वालों के लिए 6 रूट तय किए गए हैं। इधर, रोड शो की बेरिकेडिंग के लिए एयरपोर्ट से नवा रायपुर तक वन-वे कर दिया गया है।
हर रूट के लिए एक क्यूआर कोड बनाया गया है, जिसे स्कैन करने पर कार्यक्रम स्थल का नक्शा और रास्ता मोबाइल पर दिखाई देगा। लोकेशन के आधार पर कोई भी व्यक्ति कार्यक्रम स्थल तक आसानी से पहुंच सकेगा। जिस रूट से प्रधानमंत्री का आवागमन होगा। वहां आम लोगों का आना-जाना प्रतिबंधित रहेगा। इसलिए आम लोगों के लिए अलग रूट तय किया गया है। इसे लेकर बुधवार सुबह 9 बजे एयरपोर्ट से पूरी फोर्स के साथ रिहर्सल की जाएगी। प्रधानमंत्री मोदी के रूट को वन-वे किया जाएगा, जिसमें आम लोगों की गाड़ियां नहीं चल सकेंगी।
एसपीजी की टीम पहुंची रायपुर, पांचों स्पॉट देखे
प्रधानमंत्री की सुरक्षा में तैनात एसपीजी की टीम रायपुर पहुंच चुकी है। टीम ने सभी पांच कार्यक्रम स्थलों का निरीक्षण किया और सुरक्षा को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। कुछ व्यवस्थाओं में बदलाव भी किया गया है। प्रधानमंत्री के रूट का भी निरीक्षण किया गया है। पुलिस की रिहर्सल में एसपीजी भी शामिल रहेगी। सभी कार्यक्रम स्थलों को एसपीजी ने अपने सुरक्षा घेरे में ले लिया है।
विश्राम नहीं करेंगे प्रधानमंत्री
- प्रधानमंत्री मोदी एयरपोर्ट से सीधे सत्य साईं अस्पताल जाएंगे। यहां वे 3 हजार से अधिक बच्चों और उनके परिजनों से मुलाकात करेंगे।
- यहां से वे प्रजापिता ब्रह्माकुमारी संस्थान के शांति शिखर भवन जाएंगे।
- विधानसभा भवन का उद्घाटन कर सदन को संबोधित करेंगे।
- विधानसभा से सीधे ट्राइबल म्यूजियम जाएंगे।
- म्यूजियम से राज्योत्सव मैदान जाएंगे, जहां राज्योत्सव का उद्घाटन और सभा को संबोधित करेंगे। इसके बाद वे वापस एयरपोर्ट लौट जाएंगे।
छह रूट से पहुंच सकेंगे लोग
- रूट-1: बलौदाबाजार, बिलासपुर, बेमेतरा, मुंगेली की ओर से आने वाले रिंग रोड-3, सेरीखेड़ी, नवा रायपुर, स्टेडियम टर्निंग, कयाबांधा अंडरब्रिज, सीबीडी स्टेशन, सेक्टर-22 टर्निंग से पार्किंग पी-15 पहुंचेंगे।
- रूट-2: आरंग, खरोरा, महासमुंद, बलौदाबाजार की ओर से आने वाले लखौली, नवागांव रेलवे क्रॉसिंग, क्रिकेट स्टेडियम, सेंध तालाब, सत्यसांई अस्पताल चौक, सेक्टर-22 से पी-15 में पहुंचेंगे।
- रूट-3: अभनपुर, धमतरी, बालोद, दुर्ग की ओर से बस से आने वाले मोनफोर्ट स्कूल, एचएनएलयू, ट्रिपल आईटी चौक, उपरवारा, मुक्तांगन तिराहा से पार्किंग पी-12, स्टेशन पार्किंग पी-13 व गोल्फ मैदान पार्किंग पी-14 में पहुंचेंगे।
- रूट-4: धमतरी, बालोद, दुर्ग की ओर से कार और बाइक से आने वाले अभनपुर, बकतरा, केन्द्री-बेन्द्री, मिंटू पब्लिक स्कूल, निमोरा प्रशासनिक अकादमी, निमोरा से पार्किंग पी-11 तक आएंगे।
- रूट-5: दुर्ग, बालोद, खैरागढ़, राजनांदगांव की ओर से आने वाले पचपेड़ी नाका, बोरियाकला, माना बस्ती, तूता होकर पार्किंग पी-8, पी-9 और निमोरा बस्ती के पीछे पी-10 में पहुंचेंगे।
- रूट-6: गोबरा नवापारा, राजिम, गरियाबंद की ओर से आने वाले नवागांव, खंडवा, जंगल सफारी, ट्रिपल आईटी, मुक्तांगन तिराहा से पार्किंग पी-12, स्टेशन पार्किंग पी-13 व गोल्फ मैदान पार्किंग पी-14 तक पहुंचेंगे।
दोपहिया: इन वाहनों की पार्किंग तूता धरना स्थल के दोनों तरफ स्थित पार्किंग स्थल पी-5, पी-6 और पी-7 में की जाएगी।
सुरक्षा व्यवस्था को लेकर प्रभारी नियुक्त
प्रधानमंत्री के प्रवास की सुरक्षा का प्रभारी एडीजी दीपांशु काबरा को बनाया गया है। एयरपोर्ट की सुरक्षा की जिम्मेदारी डीआईजी सुजीत कुमार को दी गई है। सत्य साईं अस्पताल में डीआईजी अमित तुकाराम कांबले, नवीन विधानसभा में आईजी अजय यादव, ब्रह्मकुमारी शांति शिखर भवन में आईजी रामगोपाल गर्ग, ट्राइबल म्यूजियम में आईजी अंकित गर्ग, राज्योत्सव मैदान में आईजी डॉ. संजीव शुक्ला और नवा रायपुर में ट्रैफिक व रूट प्रभारी आईजी ओपी पाल रहेंगे।
