आसाराम को राजस्थान हाईकोर्ट से मिली बड़ी राहत… 6 महीने की अंतरिम जमानत मंजूर

राजस्थान 29 अक्टूबर 2025 : रेप के दोषी आसाराम को राजस्थान हाईकोर्ट से बड़ी राहत मिली है. कोर्ट ने उनकी खराब सेहत के आधार पर 6 महीने की अंतरिम जमानत मंजूर की है. आसाराम इस समय जोधपुर सेंट्रल जेल में उम्रकैद की सजा काट रहे हैं और फिलहाल निजी अस्पताल में इलाजरत हैं.
स्वयंभू ‘गॉडमैन’ आसाराम को बड़ी राहत मिली है. राजस्थान हाईकोर्ट ने बुधवार को उन्हें छह महीने की अंतरिम जमानत दे दी है. कोर्ट ने यह राहत आसाराम की बिगड़ती सेहत और इलाज की जरूरत को देखते हुए दी है. फिलहाल आसाराम जोधपुर सेंट्रल जेल में उम्रकैद की सजा काट रहे हैं. हाईकोर्ट में यह मामला कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश संजीव प्रकाश शर्मा की अध्यक्षता वाली खंडपीठ के समक्ष सुना गया. बताया जा रहा है कि आसाराम इस वक्त एक प्राइवेट अस्पताल में इलाज करा रहे हैं और उनकी सेहत लगातार गिर रही है.
आसाराम बापू को अगस्त 2013 में गिरफ्तार किया गया था. उन पर आरोप था कि उन्होंने अपने ही आश्रम में एक नाबालिग स्कूली छात्रा से दुष्कर्म किया था. यह छात्रा उनके अनुयायियों की बेटी थी. लंबी कानूनी लड़ाई के बाद अदालत ने आसाराम को आजीवन कारावास की सजा सुनाई थी.