शराब के नशे में मजदूर ने बाघ को समझा बिल्ली, बोतल बढ़ाई — सिवनी में खौफ और हैरानी का वीडियो वायरल

मध्य प्रदेश के सिवनी जिले के पेंच टाइगर रिजर्व से एक अजीबोगरीब और हैरान कर देने वाली घटना सामने आई है। यहां 52 साल के एक दिहाड़ी मजदूर राजू पटेल का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में राजू एक रॉयल बंगाल टाइगर को शराब ऑफर करता दिखाई दे रहा है।

जानकारी के मुताबिक, यह मामला 4 अक्टूबर 2025 की रात का है। राजू पटेल रोज की तरह काम खत्म करने के बाद ठर्रे की दुकान पर गया था। पत्ते खेलते-खेलते देर रात तक शराब पीने के बाद जब वह घर लौट रहा था, तभी रास्ते में उसे सड़क किनारे एक बड़ा जानवर दिखा। नशे में धुत राजू ने उस जानवर को बिल्ली या कुत्ते का शावक समझ लिया।

वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि राजू झूमते हुए उस जानवर के पास पहुंचा, उसकी गर्दन सहलाई और बोतल में बची शराब उसकी ओर बढ़ा दी। लेकिन वो जानवर दरअसल रॉयल बंगाल टाइगर था, जो हाल ही में बाढ़ के चलते जंगल से भटककर सड़क तक आ गया था।

पूरा वाकया पास के सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया। फुटेज में साफ दिखा कि बाघ उस वक्त उलझन में था, जबकि नशे में राजू उसे रास्ते से हटने के लिए कहता नजर आ रहा था।

घटना की जानकारी मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और बाघ को सुरक्षित बेहोश कर जंगल में छोड़ दिया। वन अधिकारियों ने बताया कि यह घटना बेहद खतरनाक थी — अगर बाघ आक्रामक हो जाता तो जानलेवा हादसा हो सकता था।

अगले दिन यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होते ही राजू पटेल “टाइगर फ्रेंड राजू” के नाम से मशहूर हो गया। जब उसे होश आया और सच्चाई पता चली, तो उसने भगवान का शुक्रिया अदा किया कि उसकी जान बच गई।