बिलासपुर में दर्दनाक हादसा: फैक्ट्री में काम करते वक्त 30 फीट ऊंचाई से गिरा क्रेन ऑपरेटर, इलाज के दौरान मौत — परिजनों ने सिम्स में मचाया हंगामा

बिलासपुर। जिले के बिल्हा थाना क्षेत्र में स्थित मंगल स्पंज आयरन फैक्ट्री में गुरुवार को बड़ा हादसा हो गया। यहां काम के दौरान एक क्रेन ऑपरेटर करीब 30 फीट ऊंचाई से नीचे गिर गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। इस घटना से फैक्ट्री परिसर में हड़कंप मच गया।

जानकारी के मुताबिक ग्राम भैंसबोड़ निवासी मिथिलेश यादव (25) पिछले पांच साल से दगौरी स्थित मंगल स्पंज आयरन फैक्ट्री में क्रेन ऑपरेटर के रूप में काम कर रहा था। रोज की तरह गुरुवार की सुबह भी वह ड्यूटी पर पहुंचा था। काम के दौरान अचानक संतुलन बिगड़ने से वह ऊंचाई से नीचे गिर गया। सहकर्मियों ने तत्काल फैक्ट्री प्रबंधन को सूचना दी और घायल को अस्पताल पहुंचाया गया।

प्राथमिक उपचार के बाद मिथिलेश को सिम्स रेफर किया गया, लेकिन वहां पहुंचने से पहले ही उसने दम तोड़ दिया। हादसे की खबर मिलते ही परिजन अस्पताल पहुंचे, जहां उन्हें बेटे की मौत की जानकारी मिली।

मुआवजे की मांग पर हंगामा
मौत की खबर सुनते ही परिजनों का गुस्सा फूट पड़ा। उन्होंने सिम्स परिसर में हंगामा मचाते हुए फैक्ट्री प्रबंधन पर लापरवाही का आरोप लगाया। परिजनों ने कहा कि सुरक्षा इंतजामों की अनदेखी के कारण मिथिलेश की जान गई। उन्होंने मुआवजे की मांग की और जब तक राशि देने का आश्वासन नहीं मिला, शव ले जाने से इनकार कर दिया।

सूचना मिलते ही फैक्ट्री प्रबंधन और पुलिस मौके पर पहुंचे। प्रबंधन की ओर से परिजनों को मुआवजा राशि देने का भरोसा दिलाया गया, जिसके बाद मामला शांत हुआ। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है।

थाना बिल्हा पुलिस ने मामला दर्ज कर घटना की जांच शुरू कर दी है।