रायपुर। छत्तीसगढ़ राज्योत्सव और 31 अक्टूबर को छत्तीसगढ़ क्रांति सेना के रायपुर बंद के ऐलान को देखते हुए पुलिस प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं।
रायपुर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक (IG) अमरेश मिश्रा और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) डॉ. लाल उमेद सिंह ने गुरुवार को सिविल लाइन स्थित सभाकक्ष में शहर के सभी राजपत्रित पुलिस अधिकारियों की बैठक ली। इस दौरान उन्होंने राज्योत्सव के दौरान कानून और शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए कड़े दिशा-निर्देश दिए।
अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया गया कि किसी भी प्रकार की बदमाशी, हुल्लड़बाजी या कानून-व्यवस्था भंग करने की कोशिश पर तुरंत और सख्त कार्रवाई की जाए। साथ ही, संदिग्ध लोगों, उपद्रवियों और आपराधिक तत्वों पर सतत निगरानी रखने के निर्देश दिए गए हैं।
आईजी अमरेश मिश्रा ने कहा कि राज्योत्सव में बड़ी संख्या में जनसमूह की मौजूदगी होगी, ऐसे में किसी भी स्थिति में भीड़ नियंत्रण और सुरक्षा व्यवस्था में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
एसएसपी डॉ. लाल उमेद सिंह ने बताया कि सभी थानों को हाई अलर्ट पर रखा गया है और शहर के प्रमुख चौराहों, बाजारों व संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है। निगरानी के लिए ड्रोन कैमरे और सीसीटीवी कंट्रोल रूम को भी एक्टिव किया गया है।
पुलिस प्रशासन का कहना है कि राज्योत्सव के दौरान शांति, सुरक्षा और सौहार्दपूर्ण माहौल बनाए रखना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है।
