रायपुर। जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ (जे) के प्रमुख अमित जोगी ने नवा रायपुर में बन रहे नए विधानसभा भवन के उद्घाटन को लेकर बड़ा विरोध दर्ज कराया है। उन्होंने उद्घाटन के निमंत्रण पत्र को जलाकर अपना आक्रोश व्यक्त किया।
अमित जोगी ने आरोप लगाया कि नए विधानसभा भवन के निमंत्रण पत्र से ‘मिनी माता’ का नाम हटा दिया गया है, जो कि छत्तीसगढ़ की अस्मिता, दलित और नारी सशक्तिकरण के प्रतीक मिनी माता के सम्मान के खिलाफ है।
उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ के पहले मुख्यमंत्री अजीत जोगी ने पुराने विधानसभा भवन का नाम मिनी माता के नाम पर रखा था, ताकि राज्य में सामाजिक न्याय और समानता की भावना को बल मिले।
अमित जोगी ने विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह से तत्काल नया निमंत्रण जारी करने की मांग की है, जिसमें “मिनी माता विधानसभा भवन, नया रायपुर” स्पष्ट रूप से लिखा जाए।
उन्होंने चेतावनी दी कि यदि ऐसा नहीं किया गया, तो वे छत्तीसगढ़ के सभी विधायकों और पूर्व विधायकों से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के इस कार्यक्रम का बहिष्कार करने की अपील करेंगे।
गौरतलब है कि 1 नवंबर 2025, यानी राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी नवा रायपुर में बने नए विधानसभा भवन का उद्घाटन करने वाले हैं।
