छत्तीसगढ़ स्थापना दिवस के अवसर पर आज नवा रायपुर ऐतिहासिक पलों का गवाह बनेगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी करीब 6 घंटे 45 मिनट रायपुर में रहेंगे और राज्य के विकास, संस्कृति व आस्था से जुड़े कई महत्वपूर्ण प्रोजेक्ट्स का लोकार्पण करेंगे।
कार्यक्रम स्थल पर 7 विशाल डोम बनाए गए हैं, जहां करीब 27 हजार हितग्राही मौजूद रहेंगे। सुरक्षा को लेकर SPG और पुलिस प्रशासन ने कड़े इंतजाम किए हैं। एयरपोर्ट से नवा रायपुर तक वन-वे ट्रैफिक व्यवस्था लागू की गई है, जिसकी मॉनिटरिंग आईजी नवनीत मेहता कर रहे हैं। मंच पर राज्य की समृद्ध लोकसंस्कृति को दर्शाते हुए 10 पारंपरिक नृत्य दल अपनी प्रस्तुतियां देंगे।
💖 बच्चों से ‘दिल की बात’ करेंगे पीएम मोदी
प्रधानमंत्री मोदी श्री सत्य साई संजीवनी चाइल्ड हार्ट हॉस्पिटल पहुंचकर 2,500 बच्चों से संवाद करेंगे। ये वे बच्चे हैं जिनकी हार्ट सर्जरी नि:शुल्क इस संस्थान में हुई है। इस अवसर पर बांग्लादेश, नेपाल और भूटान से भी परिवार शामिल होंगे।
श्री सत्य साई हेल्थ एंड हेल्थ ट्रस्ट के चेयरमैन सी. श्रीनिवास के अनुसार, अस्पताल में अब तक 37,000 से अधिक बच्चों के दिल की सर्जरी सफलतापूर्वक की जा चुकी है, और खास बात यह है कि यहां बिल काउंटर नहीं है, यानी इलाज पूरी तरह निःशुल्क है। जल्द ही रायपुर में देश का सबसे बड़ा नेशनल हेल्थकेयर स्किल सेंटर भी शुरू किया जाएगा।
🕊️ ‘शांति शिखर’ ध्यान केंद्र का लोकार्पण
प्रधानमंत्री मोदी नवा रायपुर सेक्टर-20 में बने ब्रह्मकुमारी संस्थान के मेडिटेशन सेंटर ‘शांति शिखर – एकेडमी फॉर ए पीसफुल वर्ल्ड’ का उद्घाटन करेंगे।
राजस्थानी महलों की झलक वाले इस केंद्र का निर्माण दान के पैसों से किया गया है। जोधपुर के कारीगरों ने पिंक स्टोन से इमारत को तराशा है। लगभग 150 ट्रकों से पत्थर मंगवाए गए थे।
यह 5 मंजिला भवन LED स्क्रीन युक्त ऑडिटोरियम, सेमिनार हॉल, मेडिटेशन हॉल, लाइब्रेरी, गेस्ट रूम और डायनिंग हॉल जैसी सुविधाओं से सुसज्जित है।
🏛️ नया विधानसभा भवन होगा राष्ट्र को समर्पित
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज नवा रायपुर में बने नए विधानसभा भवन का भी उद्घाटन करेंगे। इसकी नींव 28 अगस्त 2020 को कांग्रेस सरकार के समय रखी गई थी, और अब 5 साल बाद यह भव्य भवन पूरी तरह तैयार है।
20.78 हेक्टेयर में फैला यह भवन पूरी तरह इको-फ्रेंडली है और इसका आकार राष्ट्रपति भवन से मिलता-जुलता है।
भविष्य को ध्यान में रखते हुए इसमें 120 विधायकों के बैठने की व्यवस्था की गई है। भवन परिसर में पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की मूर्ति भी स्थापित की गई है।
भवन में विधानसभा सचिवालय, सेंट्रल हॉल, 3 मीटिंग हॉल, मीडिया लाउंज, आर्ट गैलरी, कैंटीन और दर्शक दीर्घा जैसी अत्याधुनिक सुविधाएं हैं। साथ ही महिला, पुरुष, ट्रांसजेंडर और दिव्यांगों के लिए अलग-अलग शौचालय और तीन अस्पतालों की सुविधा भी उपलब्ध है।
🚔 सुरक्षा के चाक-चौबंद इंतजाम
पूरे कार्यक्रम को लेकर सुरक्षा व्यवस्था अभूतपूर्व है। SPG ने फाइनल रिहर्सल पूरी कर ली है और पुलिस बल के हजारों जवान तैनात हैं। नवा रायपुर और एयरपोर्ट रोड पर ड्रोन और CCTV से निगरानी की जा रही है।
