छत्तीसगढ़ स्थापना दिवस पर पीएम मोदी का दौरा: इन छह रूट से आयेंगे लोग, — रायपुर में सुरक्षा व यातायात की खास व्यवस्था

छत्तीसगढ़ स्थापना दिवस के अवसर पर आज नवा रायपुर ऐतिहासिक दिन का साक्षी बनेगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपने प्रदेश प्रवास के दौरान कुल छह अलग-अलग कार्यक्रमों में शामिल होंगे। उनके आगमन और वापसी के दौरान सुरक्षा व यातायात को लेकर प्रशासन ने विशेष प्रोटोकॉल लागू किया है।

प्रधानमंत्री जिन रूट्स से गुजरेंगे, वहां आम लोगों का आवागमन पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। वहीं, अन्य लोगों और हितग्राहियों के लिए छह अलग-अलग रूट तय किए गए हैं, ताकि ट्रैफिक व्यवस्थित रहे और कोई असुविधा न हो।

रूट जानकारी मोबाइल पर — क्यूआर कोड से दिखेगा नक्शा

राज्य सरकार ने एक डिजिटल सुविधा भी जोड़ी है। हर रूट के लिए एक अलग क्यूआर कोड बनाया गया है, जिसे स्कैन करने पर कार्यक्रम स्थल तक का नक्शा और रास्ता मोबाइल पर दिखाई देगा। इससे विभिन्न जिलों से आने वाले लोग अपने लोकेशन के आधार पर सीधे नवा रायपुर पहुंच सकेंगे।

एयरपोर्ट से नवा रायपुर तक वन-वे ट्रैफिक

प्रधानमंत्री मोदी के रोड शो और आवागमन को देखते हुए एयरपोर्ट से नवा रायपुर तक वन-वे ट्रैफिक व्यवस्था लागू की गई है। सभी प्रमुख मार्गों पर बैरिकेडिंग और ड्रोन से निगरानी की जा रही है। पुलिस और यातायात विभाग ने लोगों से अपील की है कि वे तय रूट का पालन करें।

छह रूट से आएंगे लोग

रूट-1 बलौदाबाजार, बिलासपुर, बेमेतरा, मुंगेली की ओर से आने वाले — रिंग रोड-3, सेरीखेड़ी, नवा रायपुर, स्टेडियम टर्निंग, कयाबांधा अंडरब्रिज, सीबीडी स्टेशन, सेक्टर-22 टर्निंग से पार्किंग पी-15 पहुंचेंगे।

रूट-2 आरंग, खरोरा, महासमुंद, बलौदाबाजार से आने वाले —लखौली, नवागांव रेलवे क्रॉसिंग, क्रिकेट स्टेडियम, सेंध तालाब, सत्यसांई अस्पताल चौक, सेक्टर-22 से पी-15 में पहुंचेंगे।

रूट-3 अभनपुर, धमतरी, बालोद, दुर्ग से बस द्वारा आने वाले — मोनफोर्ट स्कूल, एचएनएलयू, ट्रिपल आईटी चौक, उपरवारा, मुक्तांगन तिराहा से पार्किंग पी-12, स्टेशन पी-13 और गोल्फ मैदान पी-14 में पहुंचेंगे।

रूट-4 धमतरी, बालोद, दुर्ग की ओर से कार व बाइक से आने वाले — अभनपुर, बकतरा, केन्द्री-बेन्द्री, मिंटू पब्लिक स्कूल, निमोरा प्रशासनिक अकादमी, निमोरा से पार्किंग पी-11 तक आएंगे।

रूट-5 दुर्ग, बालोद, खैरागढ़, राजनांदगांव से आने वाले —
पचपेड़ी नाका, बोरियाकला, माना बस्ती, तूता होकर पार्किंग पी-8, पी-9 और निमोरा बस्ती के पीछे पी-10 में पहुंचेंगे।

रूट-6 गोबरा नवापारा, राजिम, गरियाबंद की ओर से आने वाले — नवागांव, खंडवा, जंगल सफारी, ट्रिपल आईटी, मुक्तांगन तिराहा से पार्किंग पी-12, स्टेशन पी-13 और गोल्फ मैदान पी-14 तक पहुंचेंगे।

दोपहिया वाहनों के लिए अलग पार्किंग

दोपहिया वाहन चालकों के लिए तूता धरना स्थल के दोनों ओर स्थित पार्किंग पी-5, पी-6 और पी-7 निर्धारित की गई हैं।

यातायात विभाग की अपील

प्रशासन ने लोगों से अनुरोध किया है कि वे अपने आवागमन के लिए दिए गए रूट का ही उपयोग करें, और कार्यक्रम स्थल की ओर जाते समय अनावश्यक रुकावट या ओवरटेकिंग से बचें।