रायपुर। छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग (CGPSC) ने राज्य सेवा परीक्षा 2024 की मुख्य परीक्षा का परिणाम घोषित कर दिया है। आयोग ने कुल 246 पदों के मुकाबले 643 अभ्यर्थियों को साक्षात्कार हेतु चिन्हित किया है। चयनित उम्मीदवारों के साक्षात्कार 10 नवंबर से 20 नवंबर 2025 तक आयोजित किए जाएंगे।

आयोग द्वारा राज्य सेवा मुख्य लिखित परीक्षा का आयोजन 26 जून से 29 जून 2025 तक किया गया था। विभिन्न 17 विभागों के पदों के लिए हुई इस परीक्षा के परिणाम वर्गवार और उपवर्गवार न्यूनतम अर्हकारी अंकों के आधार पर तैयार किए गए हैं।
साक्षात्कार में शामिल होने से पहले अभ्यर्थियों के दस्तावेजों का सत्यापन साक्षात्कार तिथि के एक दिन पूर्व किया जाएगा। सत्यापन की प्रक्रिया प्रथम पाली सुबह 9:30 बजे और द्वितीय पाली दोपहर 1:30 बजे से शुरू होगी। आयोग ने स्पष्ट किया है कि सत्यापन में अनुपस्थित रहने वाले या अर्हता पूरी न करने वाले उम्मीदवारों को साक्षात्कार में सम्मिलित होने की अनुमति नहीं दी जाएगी।
अभ्यर्थियों को यह भी सुनिश्चित करना होगा कि उनके पास सभी आवश्यक शैक्षणिक एवं अन्य योग्यता प्रमाणपत्र ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तिथि तक प्राप्त हों। आवेदन की अंतिम तिथि के बाद जारी प्रमाणपत्र मान्य नहीं होंगे।
आयोग ने सभी अभ्यर्थियों को निर्देश दिया है कि वे साक्षात्कार के दिन निर्धारित समय से आधा घंटा पहले आयोग कार्यालय में उपस्थित हों। साथ ही सभी दस्तावेजों की मूल प्रति एवं एक स्वप्रमाणित छायाप्रति प्रस्तुत करें। किसी भी दस्तावेज की कमी पाए जाने पर अभ्यर्थी की उम्मीदवारी रद्द कर दी जाएगी।
आयोग की वेबसाइट पर अभ्यर्थी अपने परिणाम देख सकते हैं और साक्षात्कार से जुड़ी विस्तृत जानकारी डाउनलोड कर सकते हैं।
