आंध्र प्रदेश के श्रीकाकुलम जिले के कासीबुग्गा स्थित वेंकटेश्वर स्वामी मंदिर में शुक्रवार देर रात एकादशी के मौके पर बड़ा हादसा हो गया। दर्शन के दौरान मची भगदड़ में कम से कम 10 श्रद्धालुओं की मौत हो गई, जबकि एक दर्जन से अधिक लोग घायल हुए हैं। मृतकों में महिलाएं और बच्चे भी शामिल हैं।
जानकारी के मुताबिक, एकादशी पर्व पर मंदिर में हजारों श्रद्धालु एकत्र हुए थे। अचानक मची अफरा-तफरी के बाद लोग एक-दूसरे के ऊपर गिर पड़े, जिससे यह दुखद घटना हुई। हादसे के बाद मंदिर परिसर में चीख-पुकार मच गई। कई लोग बेहोश हो गए जिन्हें श्रद्धालुओं ने मौके पर ही सीपीआर देकर बचाने की कोशिश की।
मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने घटना पर गहरा दुख जताया है। उन्होंने कहा कि, “वेंकटेश्वर स्वामी मंदिर में श्रद्धालुओं की मौत की खबर बेहद दुखद है। मैं मृतकों के परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त करता हूं। अधिकारियों को घायलों को तुरंत और बेहतर इलाज उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं।”
राज्य के कृषि मंत्री मौके पर पहुंचे और राहत-बचाव कार्यों की निगरानी की। प्रशासन ने बताया कि सभी घायलों को पास के अस्पताल में भर्ती कराया गया है और स्थिति अब नियंत्रण में है।
वहीं, सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो में देखा जा सकता है कि हादसे के बाद मंदिर परिसर में अफरातफरी का माहौल था। कई श्रद्धालु जमीन पर बेसुध पड़े थे, वहीं पूजा का सामान चारों ओर बिखरा हुआ नजर आया।
